Ranchi News: राजधानी में विधि-व्यवस्था दिनोंदिन लचर होती जा रही है। अपराधियों के अलावा अब आम लोगों में भी पुलिस का खौफ खत्म होता जा रहा है। आए दिन मारपीट की घटनाएं हो रहीं हैं। ताजा मामला पंडरा ओपी क्षेत्र के अंतर्गत विकास नगर का है। यहां वर्षों पुराने जमीनी विवाद को लेकर गुरुवार दोपहर को दो पक्ष आमने-सामने हो गए। दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जिसके बाद नौबत मारपीट तक आ गई।
दोनों पक्षों से दर्जन भर लोग मारपीट करने लगे। दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां कुछ की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
मामले में किसी ने नहीं की है लिखित शिकायत
स्थानीय लोगों ने कॉल करके पुलिस को मारपीट होने की सूचना दी। सूचना के मिलते ही पंडरा पुलिस उक्त स्थल पर पहुंची। यहां पुलिस के पहुंचते ही दोनों पक्ष के लोग भागने लगे।
घायलों ने अस्पताल में मिलकर पुलिस ने की पुछताछ
पुलिस ने घायलों से अस्पताल में मिलकर पूछताछ की है, लेकिन किसी भी पक्ष की ओर से अब तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है। पुलिस ने गांव जाकर लोगों से भी मामले में पूछताछ की है। पंडरा ओपी प्रभारी चंद्रशेखर का कहना है कि, दोनों पक्षों के बीच जमीन का विवाद चल रहा है। इस विवाद में ही दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। वहीं, घायलों का कहना है कि, बीच-बचाव करने में उन्हें कई जगहों पर चोट लगी है। दोनों पक्षों को शांत कराने के दौरान उन पर भी लाठी-डंडे बरस गए। घायलों का इलाज कर रहे चिकित्सक का कहना है कि, दो-तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। एक हफ्ते में इनकी स्थिति भी ठीक हो जाएगी। बाकी घायलों के लिए चिंता की बात नहीं है।
