Jharkhand Cabinet Expansion: झारखंड में 5 दिसंबर को हेमंत सोरेन सरकार का कैबिनेट विस्तार होगा। इस दिन 11 मंत्रियों के शपथ लेने की जानकारी सामने आ रही है। जिसमें से कई नए चेहरे शामिल हैं। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूत्रों के अनुसार, सरकार ने मंत्रियों के शपथ ग्रहण के लिए इस दिन दोपहर 12 बजे का समय निर्धारित करने का आग्रह राजभवन को औपचारिक तौर पर भेजा है।
किस पार्टी से कितने मंत्री
जानकारी के अनुसार, इस दिन 11 मंत्री शपथ ले सकते हैं। इनमें झारखंड मुक्ति मोर्चा के छह, कांग्रेस के चार और राष्ट्रीय जनता दल के एक मंत्री होंगे। इस बार मंत्रिमंडल में छह से सात नए चेहरों को मौका मिलना तय माना जा रहा है।
झामुमो से किसके नाम का चर्चा
झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से चाईबासा के विधायक दीपक बिरुआ, घाटशिला के विधायक रामदास सोरेन, मधुपुर के विधायक हफीजुल हसन, भवनाथपुर के विधायक अनंत प्रताप देव, जामा की विधायक डॉ. लुईस मरांडी और टुंडी के विधायक मथुरा महतो को मंत्री बनाए जाने की संभावना है। वैसे ईचागढ़ की विधायक सविता महतो और राजमहल के विधायक एमटी राजा के नाम की भी चर्चा चल रही है।
कांग्रेस-राजद में अटकलें
कांग्रेस की ओर से जिन चार विधायकों को मंत्री बनाए जाने की संभावना है, उनमें लोहरदगा के विधायक रामेश्वर उरांव, जामताड़ा के विधायक इरफान अंसारी, महागामा की विधायक दीपिका पांडेय सिंह एवं पोड़ैयाहाट के विधायक प्रदीप यादव में कोई एक और कोलेबिरा के विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी के नाम शामिल हैं। रामगढ़ की विधायक ममता देवी, बेरमो के विधायक जयमंगल सिंह और मनिका के विधायक रामचंद्र सिंह के भी नाम की चर्चा है। राजद कोटे से देवघर के विधायक सुरेश पासवान मंत्री बनने की रेस में सबसे आगे बताए जाते हैं। हालांकि, गोड्डा के विधायक संजय सिंह यादव और हुसैनाबाद के विधायक संजय प्रसाद यादव ने भी मंत्री पद के लिए लॉबिंग की है।
