Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या राममंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का समय धीरे-धीरे नजदीक आता जा रहा है। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का मुख्य कार्यक्रम 22 जनवरी 2024 को आयोजित किया जाएगा। प्राण प्रतिष्ठा को लेकर योगी सरकार ने एक नया फैसला लिया है। आने वाली 30 दिसंबर को प्राण प्रतिष्ठा की ग्रैंड रिहर्सल का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुसार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार इस ग्रैंड रिहर्सल वाले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अयोध्या के दौरे पर होंगे। अपने इस दौरे पर वह एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करने वाले हैं। पीएम मोदी के आगमन और प्राण प्रतिष्ठा के ग्रैंड रिहर्सल से पहले सड़कों पर लाइट आदि का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। पीएम मोदी अपने इस दौरे के दौरान अयोध्यावासियों को कई हजारों करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दे सकते हैं।
कैसी होगी रामोत्सव 2024 की तैयारी
अयोध्या रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के ग्रैंड रिहर्सल की तैयारी के लिए मुख्यमंत्री ने अयोध्या का दौरा कर अधिकारियों को निर्देश दिए की 30 दिसंबर के दिन अयोध्या को एकदम वैसे ही सजाया जाए जैसा प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दौरान सजाया जाएगा। उनके निर्देशों के आधार पर अयोध्या के चारों प्रमुख मार्गों को सुंदर फूलों के साथ सजाया जा रहा है। इसके साथ ही फुटपाथ पर फूलों के गमले रखे जाएंगे। राम पथ से मुख्य कैरेज के बीच के फुटपाथ पर आकर्षक रेलिंग भी लगाई जाएगी। इसके अलावा चारों प्रमुख मार्गों पर लाइट्स और फसाड लगाने का काम भी जल्द ही पूरा हो जाएगा।
आकर्षित होगी ग्रैंड रिहर्सल की सजावट
सीएम योगी के निर्देशों के आधार पर पीएम मोदी के दौरे और प्राण प्रतिष्ठा के ग्रैंड रिहर्सल से पहले सभी प्रमुख पथों को सजाकर आकर्षित बनाया जाएगा। इसमें नया घाट की तरफ से धर्म पथ आने वाला रास्ता भी शामिल किया गया है। लखनऊ-गोरखपुर राज्य मार्ग में अयोध्या बाईपास पर बनी रेलिंग को सुंदर रंगों के पेंट करने के आदेश भी जारी किए गए हैं।
अयोध्या में होने वाला है सबसे बड़ा इवेंट
अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी का कार्यक्रम जोरो पर है। रामोत्सव की तैयारी में यूपी सरकार जुटी हुई है। इस कार्यक्रम में किसी भी प्रकारी की कमी ना आए इसका खास ख्याल रखा जा रहा है। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के उत्सव को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री ने विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया है। बता दें कि इस ग्रैंड इवेंट के लिए 100 करोड़ रुपये से अधिक का खर्च किया जा रहा है। लिहाजा ये कार्यक्रम भारत के इतिहास का सबसे बड़ा इवेंट है। इसमें कार्यक्रम के दौरान कई सांस्कृतिक कार्यक्रम, भजन-कीर्तन, रामकथा, प्रवचन और रामलीला का भी मंचन किया जाएगा। रामोत्सव 2024 के एक महीने के दौरान देश भर से कई प्रख्यात कथावाचक और गायक अयोध्या में अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
