Ayodhya News: राम मंदिर ट्रस्ट के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा मंगलवार को अयोध्या पहुंचे। उनका आगमन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या दौरे से कुछ समय पहले हुआ। अयोध्या पहुंचने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि फिलहाल परिचयात्मक बैठकों का दौर चल रहा है। जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि वह जल्द ही मीडिया और लोगों के सामने आकर अपनी आगामी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे। उन्होंने संकेत दिया कि ट्रस्ट की जिम्मेदारी संभालने के बाद आगे की कार्ययोजना को लेकर जल्द ही स्थिति स्पष्ट की जाएगी।
सीएम योगी भी करेंगे अयोध्या का दौरा
वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मंगलवार को अयोध्या का दौरा किया। जून में राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े दान की कथित चोरी के मामले के सामने आने के बाद यह उनका अयोध्या का चौथा दौरा है। इस विवाद के बाद मंदिर ट्रस्ट और उसके प्रबंधन में बड़े स्तर पर बदलाव किए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने अयोध्या दौरे के दौरान नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इसके बाद वह हनुमानगढ़ी और श्रीराम मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन भी करेंगे।
'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान पश्चिमी वायु कमान का नेतृत्व
राम मंदिर ट्रस्ट के नए सीईओ रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मंदिर जाना तय है और वह वहां दर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट की ओर से मुख्यमंत्री का हमेशा की तरह स्वागत किया जाएगा। गौरतलब है कि जितेंद्र मिश्रा इससे पहले भारतीय वायुसेना की पश्चिमी वायु कमान के प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान भी पश्चिमी वायु कमान का नेतृत्व किया था।
2 सितंबर को बनाया गया था नया सीईओ
सोमवार को एक कार्यक्रम में शामिल हुए रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा ने स्पष्ट किया था कि उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ के रूप में अभी आधिकारिक तौर पर कार्यभार नहीं संभाला है। हालांकि, कार्यक्रम के दौरान उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' की तकनीकी तैयारियों और उसके संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी साझा की थी। अयोध्या में 2 सितंबर को हुई राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों की हाई लेवल बैठक के बाद रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा जितेंद्र मिश्रा को ट्रस्ट का नया सीईओ नियुक्त किया गया।गोविंद देव गिरि को महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई
वहीं, ट्रस्ट के पूर्व कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि को पदोन्नत करते हुए महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा दिल्ली के कारोबारी महेश भगचंदका को नया कोषाध्यक्ष बनाया गया है। वह M2K ग्रुप के सीईओ हैं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) तथा विश्व हिंदू परिषद (VHP) के करीबी माने जाते हैं। भगचंदका के साथ अयोध्या के मदन मोहन पांडेय और शिकोहाबाद की निर्मला यादव को भी ट्रस्ट के नए न्यासियों में शामिल किया गया है।
