Rajasthan Ka Mausam 20-Dec-2025: राजस्थान में ठंड, शीतलहर और कोहरे का कहर जारी है। इस बीच एक्टिव हुए वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर भी राजस्थान के विभिन्न जिलों पर देखने को मिल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण राजस्थान में शुक्रवार यानी बीते हुए कल (19 दिसंबर) को आसमान में बादल छाए रहे। बादलों के कारण तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन इससे ठंड पर अधिक प्रभाव देखने को नहीं मिला है। राजस्थान वासियों अभी भी गर्म कपड़ों की लेयर्स पहने हुए अलाव और हीटर के सहारे ठंड से बचने का प्रयास कर रहे हैं। मौसम विभाग की मानें तो तापमान में हुई यह बढ़ोतरी कुछ ही दिन की है, उसके बाद पारा एक बार फिर लुढ़केगा और भीषण ठंड का कहर और बढ़ेगा। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा आज मौसम का हाल।
राजस्थान में कैसा रहेगा आज मौसम का हाल?
शुक्रवार को राजस्थान में बादल छाए रहने के कारण धूप थोड़ी कमजोर नजर आई, लेकिन इस दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की वृद्धि भी दर्ज की गई थी। वहीं अधिकतम तापमान में गिरावट देखी गई। हालांकि इसका ठंड के स्तर पर कोई खास असर नहीं पड़ा।
आगामी दिनों में फिर गिरेगा तापमान
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, राजस्थान में 20 से 22 दिसंबर के बीच तापमान में एक बार फिर कमी दर्ज की जाएगी। बताया जा रहा है कि इस दौरान तापमान में एक से 2 डिग्री की गिरावट होगी और साथ ही घना कोहरा छाया रहेगा।
कोहरे से यातायात प्रभावित
राजस्थान के अधिकांश जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है, जिसके चलते 19 दिसंबर को जयपुर एयरपोर्ट से करीब 7 विमानों ने तय समय से देरी से उड़ान भरी। वहीं कई विमान ऐसे थे, जिनका समय तक बदलना पड़ा, जबकि कई ट्रेनें 2 से 7 घंटे की देरी से चल रही है। मौसम विभाग की मानें तो आगामी दिनों में भी कोहरे के कारण यातायात प्रभावित हो सकता है। दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों को सतर्क रहते हुए गाड़ी चलाने की सलाह दी गई है।
