SMS Medical College Doctor Suicide Case: जयपुर के सवाई मान सिंह (SMS) मेडिकल कॉलेज से एक बेहद दुखी खबर सामने आ रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, वरिष्ठ प्रोफेसर और फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष (HOD) डॉ. एस.एन. डिसानिया का शव उनके घर में फंदे से लटका मिला। इस घटना को लेकर मेडिकल जगत में शोक की लहर है।
फंदे से लटका मिला शव
शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि डॉ. डिसानिया जयपुर के झोटवाड़ा इलाके में अपने परिवार के साथ रहते थे। मंगलवार रात परिवार के अन्य सदस्य एक शादी समारोह में गए थे, जबकि डॉ. डिसानिया घर पर अकेले थे। जब परिवार के सदस्य वापस घर लौटे तो उन्होंने डॉ. डिसानिया को फंदे से लटका हुआ पाया।
दो माह पहले लैब की कराई थी शुरुआत
इस घटना के तत्काल बाद डॉ. डिसानिया को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉ. डिसानिया वर्तमान में एसएमएस मेडिकल कॉलेज के फॉरेंसिक विभाग के विभागाध्यक्ष यानी एचओडी थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने करीब दो माह पहले ही कॉलेज में एक उन्नत फॉरेंसिक लैब की शुरुआत कराई थी, जिसे चिकित्सा और जांच के क्षेत्र में एक अहम उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा था।
नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
डॉ. डिसानिया ने आत्महत्या क्यों की? फिलहाल इसके पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस को घटनास्थल से न ही कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है। परिजन भी स्तब्ध हैं ।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: J&K के शोपियां में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी कामयाबी, लश्कर का टॉप कमांडर जाकिर अहमद गनी ढेर
