Rajasthan Mausam Today 13 May 2026: उत्तर और पूर्वी राजस्थान में भले ही तेज हवा और कहीं-कहीं पर बारिश के कारण गर्मी से राहत मिली हो। लेकिन पश्चिमी राजस्थान के रेगिस्तानी जिलों में प्रचंड गर्मी से लोगों का बुरा हाल है। दिन में सूरज आसमान से आग बरसा रहा है। भीषण गर्मी के कारण दोपहर के समय सड़कों और गलियों में कर्फ्यू जैसे हालात बन जा रहे हैं। कल यानी मंगलवार 12 मई को लगातार तीसरे दिन बाड़मेर देश का सबसे गर्म शहर रहा। बाड़मेर में मंगलवार को दिन में पारा 48.3 डिग्री तक चढ़ गया। बता दें कि इस मौसम का यह अब तक का सबसे ज्यादा तापमान रिकॉर्ड हुआ है।
आज राजस्थान का मौसम कैसा रहेगा?
आज यानी बुधवार 13 मई के लिए राजस्थान के तीन जिलों बाड़मेर, जैसलमेर और जोधपुर के लिए प्रचंड गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इस सीजन में पहली बार प्रचंड गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए लोगों से दिन के समय घर से बाहर न निकलने की एडवाइजरी जारी की है। यही नहीं, IMD के अनुसार अगले दिन तक यानी 14 और 15 मई को भी प्रचंड गर्मी और हीटवेव का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने धूप के बचने के साथ ही स्वयं को हाइड्रेट रखने यानी बार-बार पानी पीने की भी सलाह दी है। कोटा में भी आज हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
कैसे करें प्रचंड गर्मी और हीटवेव का सामना
प्रचंड गर्मी और लू के हालात में लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। अगर बाहर जाना जरूरी हो तो सिर पर टोपी या पगड़ी पहनकर निकलें, छाता साथ में रखें और पानी की बोतल भी साथ रखें। बीच-बीच में पानी पीते रहें और स्वयं को ज्यादा से ज्यादा हाईड्रेट रखें। धूप में ज्यादा देर तक पैदल न चलें। पसीने के साथ शरीर से मिनरल्स भी बाहर निकल जाते हैं, ऐसे में नींबू पानी, जलजीरा आदि का सेवन करें।
पिछले 24 घंटे में कैसा रहा राजस्थान का मौसम?
पिछले 24 घंटे यानी 12 मई को ज्यादातर समय उत्तरी राजस्थान के जिलों को छोड़कर बाकी के पूरे राज्य में आसमान साफ रहा। जिसके कारण तेज धूप से लोग काफी परेशान रहे। मंगलवार को बाड़मेर में दिन के समय पारा 48 डिग्री को पार कर गया, जो इस मौसम में सबसे ज्यादा है। बाड़मेर लगातार देश का सबसे गर्म शहर बना हुआ है, जहां पिछले दो दिनों में अधिकतम तापमान लगभग 2 डिग्री तक बढ़ा है।
क्या राजस्थान में 50 डिग्री पहुंचे पारा?
मंगलवार को पारा 48.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विज्ञान के जानकारों को आशंका है कि अगले कुछ ही दिनों में पारा हाफ सेंचुरी (50 डिग्री सेल्सियस) तक भी पहुंच सकता है। मंगलवार को राजस्थान के लगभग सभी शहरों में पारा 40 डिग्री से ऊपर ही रहा। फलोदी में मंगलवार को पारा 46.4, जैसलमेर में 45.8, चित्तौड़गढ़ में 45.6, बीकानेर में 45, झुंझुनूं में 44.8, कोटा में 44.7, जोधपुर में 44.6, चूरू और पिलानी में 44.5 और फतेहपुर में 44 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
क्या जयपुर में आज बारिश होगी?
मौसम विभाग ने कल यानी मंगलवार को राजधानी जयपुर के लिए आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया थाष लेकिन मौसम में कोई खास फर्क नहीं पड़ा है। कल भी दिनभर गुलाबी नगरी में आसमान साफ रहा और दिन के समय लू जैसे हालात रहे। जयपुर में पारा 43.2 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ा। हालांकि, आज भी जयपुर में बारिश और आंधी के आसार हैं।

राजस्थान में पड़ रही झुलसाने वाली गर्मी
अजमेर और कोटा में भीषण गर्मी का दौर
अजमेर में कल दिनभर काफी गर्मी रही। हालांकि, मंगलवार को हल्की बारिश हुई, लेकिन उससे उमस बढ़ गई। तेज धूप के कारण दोपहर में सड़कें सूनी रहीं, अधिकतम तापमान भी 42.7 डिग्री रहा। कोटा में भी मंगलवार काफी गर्म रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मंगलवार को कोटा में अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री रहा। आज यानी बुधवार को ङी कोटा में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
जोधपुर और सीकर में हीटवेव जैसे हालात
जोधपुर में मंगलवार को तापमान 44 जिग्री के करीब रहा। तेज धूप और प्रचंड गर्मी से लोगों को खासी परेशानी हुई। सीकर में में भी हालात कुछ ऐसे ही रहे। तेज धूप और लू के थपेड़ों ने दिनभर लोगों को झुलसाया। पारा यहां भी 44 डिग्री तक पहुंच गया। शाम को आसमान में हल्के बादल छाने से कुछ राहत जरूर मिली। फतेहपुर में मंगलवार को शाम के समय हल्की बूंदाबांदी हुई।
अलवर में मंगलवार को दोपहर बाद घने बादल छा गए। हल्की बारिश भी हुई, जिससे तापमान में गिरावट भी देखने को मिली। पारा 40 डिग्री से नीचे रहा। उदयपुर में भी प्रचंड गर्मी लोगों की परीक्षा ले रही है। दिन के समय अधिकतम तापमान 43 डिग्री से ऊपर पहुंच गया।
