शहर

Rajasthan Weather: राजस्थान में गर्मी का वार शुरू, 35 डिग्री के पार तापमान; 3 मार्च के बाद और बढ़ेगी तपिश

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 28 Feb 2026: राजस्थान में अब दिन के साथ ही रात में भी सर्दी गायब होने लगी है। दोपहर में चिलचिलाती धूप के कारण गर्मी पसीने छुड़ाने लगी है। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री के पार पहुंच गया है।

Image

राजस्थान का मौसम

राजस्थान में आज का मौसम (28 Feb 2026): राजस्थान में सर्दी की विदाई हो गई है और गर्मी का मौसम शुरू हो गया है। राज्य में फरवरी की हल्की ठंड अब तेज धूप की तपिश में बदल गई है। जिससे लोगों को अप्रैल जैसी गर्मी महसूस होने लगी है। दिन का तापमान अभी से ही 35 डिग्री के पार पहुंच चुका है। बाड़मेर से लेकर बीकानेर, चूरू समेत कई जिलों में धूप असहनीय होने लगी है। रातों की ठंडक भी अब धीरे-धीरे गायब हो रही है। शुक्रवार को राजस्थान के 14 शहरों में दिन का तापमान 33 डिग्री या उससे ऊपर दर्ज किया गया। इस दौरान सबसे गर्म जिला बाड़मेर रहा, जहां का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान कहीं भी बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। दिन में मौसम साफ रहने के कारण तेज धूप निकली रहेगी। जिससे तेज गर्मी महसूस हो सकती है और तापमान में भी इजाफा दर्ज किया जा सकता है। राज्य में आगामी 2 से 3 दिन में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है। लेकिन 3 मार्च से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है।

रात में भी गायब होने लगी ठंड

राजस्थान में बीकानेर, चूरू, बाड़मेर समेत कई जिलों में दिन में सामान्य से अधिक गर्मी पड़ रही है। जयपुर, सीकर, पिलानी समेत कई शहरों में पारा 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया है। पिछले 24 घंटे में राज्य के सभी शहरों में धूप निकली रही। हालांकि कुछ शहरों में दोपहर बाद मौसम में बदलाव भी देखने को मिला। सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, चूरू समेत कई शहरों में दिन में आसमान में बादल छाए नजर आए। हालांकि आगामी दिनों में मौसम साफ ही बना रहेगा। राजस्थान के पश्चिमी जिलों में भी अब रात की ठंडक कम होने लगी है और दिन में तेज धूप के कारण गर्मी पड़ने लगी है। शुक्रवार को फलोदी में न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जिसके बाद बाड़मेर में न्यूनतम पारा 20.5 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 19.4 डिग्री, बीकानेर में 18.5 और जोधपुर में 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article