राजस्थान में आज का मौसम (22 Jan 2026): राजस्थान में कड़ाके की सर्दी के बीच आज बारिश की एंट्री होने वाली है। मौसम विभाग ने 6 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव देखने को मिलेगा। जिसके असर से राज्य के उत्तर-पश्चिम जिलों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। अगले हफ्ते एक और नया वेदर सिस्टम एक्टिव होगा। जिसके प्रभाव से अगले हफ्ते भी बारिश का मौसम देखने को मिल सकता है।
राजस्थान के किन जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार आज जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान बीकानेर, जैसलमेर, फलोदी, चूरू, गंगानगर और हनुमानगढ़ में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 23 जनवरी को बीकानेर, नागौर, जयपुर, दौसा, भरतपुर, अलवर और धौलपुर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं गंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं, चूरू और सीकर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
राजस्थान में कोहरे का प्रकोप
राजस्थान में बुधवार को उत्तर-पूर्वी जिलों में सुबह के समय कोहरा छाया रहा। जिनमें बीकानेर, हनुमानगढ़, चूरू, श्रीगंगानगर आदि शामिल रहे। कोहरे की वजह से धूप का प्रभाव भी कम रहा। जिसके कारण इन जिलों में दिन में भी सर्दी का एहसास बना रहा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तरी हवाओं का असर भी कम हो गया है। जिसके कारण सुबह-शाम कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत भी मिली है। हालांकि कोहरे के कारण राज्य के अधिकतर जिलों में न्यूनतम पारा 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजस्थान का सबसे ठंडा शहर
पिछले 24 घंटे में राजस्थान का सबसे ठंडा इलाका फतेहपुर रहा। जहां का न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा अजमेर, अलवर, पिलानी, सीकर, कोटा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, चूरू, श्रीगंगानगर, बारां, करौली ,दौसा, झुंझुनूं और पाली में भी 10 डिग्री के अंदर न्यूनतम तापमान बना रहा। प्रदेश की राजधानी जयपुर में बुधवार को न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
