शहर

Bhilwara: शराब समझकर पी लिया केमिकल, 3 तीन महिलाओं समेत चार की मौत

राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के अलोली गांव में एक दुखद हादसे में संदिग्ध रसायन को शराब समझकर पी लेने से तीन महिलाओं सहित चार लोगों की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शादी समारोह में इस्तेमाल होने वाले रसायन का सेवन करने से यह घटना हुई।

Image

भीलवाड़ा में केमिकल को शराब समझकर पीने से चार की मौत (सांकेतिक फोटो: Canva)

Bhilwara Chemical Drinking Incident: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां संदिग्ध रसायन को शराब समझकर पी लेने से तीन महिलाओं समेत चार लोगों की जान चली गई। पुलिस ने शुक्रवार को इस घटना की पुष्टि की। अधिकारियों के मुताबिक यह हादसा गुरुवार रात अलोली गांव में हुआ।

चारों ने पिया ये केमिकल

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि चारों लोगों की मौत किसी संदिग्ध पदार्थ के सेवन से हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शादी समारोह में खाने को गर्म रखने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले ईंधन ‘मेथनॉल कार्बनिक सॉल्ट’ को गलती से शराब समझकर पी लिया गया, जिसके कारण यह दुखद घटना घटित हुई। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

शादी समारोह में काम करने गई थीं महिलाएं

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने मौके से आवश्यक नमूने एकत्र किए हैं। साथ ही, मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड की निगरानी में कराया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक समुदाय की कुछ महिलाएं अलोली गांव में आयोजित विवाह समारोह में बर्तन साफ करने सहित अन्य कार्यों के लिए गई थीं।

प्लास्टिक की बोतलें ले आईं अपने साथ

बताया जा रहा है कि वहां से वे शादी के टेंट में रखी चार प्लास्टिक की बोतलें अपने साथ ले आईं, जिनमें पानी जैसा दिखने वाला तरल पदार्थ भरा हुआ था। गुरुवार को परिवार के कुछ सदस्यों ने उस पदार्थ को शराब समझकर पी लिया। इसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें उल्टियां होने लगीं।

मामले की जांच जारी

परिजन उन्हें तुरंत गुरुवार रात इलाज के लिए गंगापुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक उपचार के दौरान जमनी बाई (62), सुशीला देवी (48) और रतन (49) की मौत हो गई। वहीं बदामी देवी ने भी भीलवाड़ा के अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मामले की जांच जारी है।

इलाके में मचा हड़कंप

बताया जा रहा है कि, इस की घटना से पुलिस, प्रशासन और प्रशासन समेत पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी। फिलहाल पुलिस संभावित जिम्मेदार लोगों और संदिग्ध रूप से रसायन बेचने वालों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article