पंजाब के तरनतारन में आम आदमी पार्टी के सरपंच जरमल सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने रायपुर (छत्तीसगढ़) से दो शूटरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने चार जनवरी को वेरका स्थित मेरी गोल्ड मैरिज पैलेस में गोलियां मारकर हत्या कर दी थी।
पंजाब पुलिस ने सोमवार को कहा कि उसने आम आदमी पार्टी (आप) के सरपंच की हत्या के मामले में दो शूटरों और पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, चार जनवरी को अमृतसर में एक शादी समारोह के दौरान सरपंच की हत्या कर दी गई थी।
रायपुर से दो शूटरों को किया गया गिरफ्तार
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बताया कि स्थानीय पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से रविवार को छत्तीसगढ़ के रायपुर से दो शूटरों को गिरफ्तार किया गया जिनकी पहचान तरनतारन जिले के पट्टी निवासी सुखराज सिंह उर्फ गंगा और गुरदासपुर जिले के करमजीत सिंह के रूप में हुई।
जांच के लिए आरोपियों को ले जाया जाएगा अमृतसर
उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को रायपुर की अदालत में पेश किया गया और ट्रांजिट रिमांड के बाद हिरासत में ले लिया गया। डीजीपी ने बताया कि जांच के लिए उन्हें अमृतसर लाया जा रहा है। गौरव यादव ने कहा, "राज्य में अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। चाहे वे कहीं भी छिपे हों, पंजाब पुलिस उन्हें ढूंढकर कानून के कटघरे में लाएगी।”
शादी समारोह में सरपंच को मारी गई थी गोली
डीजीपी ने बताया कि अन्य पांच आरोपियों को पंजाब से गिरफ्तार किया गया। तरनतारन के वल्टोहा गांव के सरपंच जरमैल सिंह को शादी समारोह में बेहद करीब से गोली मार दी गई। सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि दो हमलावर शादी स्थल में घुसे, जिसमें से एक ने बंदूक निकालकर सिंह के सिर पर गोली मारी और फरार हो गया।
बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर AAP सरकार पर उठे सवाल
सिंह को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।इस घटना के तुरंत बाद, पंजाब में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष ने ‘आप’ सरकार की आलोचना की और भाजपा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से इस्तीफा देने की मांग की थी।
