शहर

पंजाब पुलिस और बीएसएफ का बड़ा ऑपरेशन; सीमा पार तस्करी का पर्दाफाश, 24.5 हेरोइन के साथ तीन गिरफ्तार

पंजाब में सीमा पार से हो रही मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस और सीमा सुरक्षा बल ने संयुक्त अभियान में एक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन में भारी मात्रा में हेरोइन, नकदी और तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा उपकरण बरामद किया गया, जबकि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच तेज कर दी गई है।

Image

पंजाब में सीमा पार तस्करी का खुलासा (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Punjab News: पंजाब पुलिस ने सीमा सुरक्षा बल के साथ मिलकर चलाए गए एक संयुक्त ऑपरेशन में सीमा पार तस्करी से जुड़े एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से करीब 24.5 किलोग्राम हेरोइन के साथ 21.5 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने रविवार को इसकी पुष्टि की। अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों के पाकिस्तान स्थित दलालों से संबंध थे।

मल्टी-कॉप्टर ड्रोन भी बरामद

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने जानकारी दी कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अमृतसर जिले के नूरवाल गांव के निवासी जगजीत सिंह उर्फ राणा, औलख खुर्द गांव के रहने वाले मनप्रीत सिंह उर्फ प्रीत और धूपसारी गांव के रोशन सिंह के रूप में हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक मल्टी-कॉप्टर ड्रोन बरामद किया गया है। इस ड्रोन का इस्तेमाल पाकिस्तान स्थित तस्कर सीमा पार से खेप पहुंचाने के लिए करते थे।

दो कारों को भी जब्त किया गया

अधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि मादक पदार्थों की खेप पहुंचाने में उपयोग की जा रही दो कारों को भी जब्त किया गया है। यादव के अनुसार, विस्तृत तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने पाकिस्तान से संचालित इस सीमा पार नेटवर्क का पर्दाफाश करने में सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े अन्य लिंक और लोगों का पता लगाने के लिए जांच प्रक्रिया अभी जारी है।

24.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद

अधिक जानकारी देते हुए एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) के पुलिस अधीक्षक गुरप्रीत सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई दो चरणों में अंजाम दी गई। पहले चरण में 12.1 किलोग्राम हेरोइन के साथ एक मल्टी-कॉप्टर ड्रोन बरामद किया गया था। उन्होंने कहा कि ड्रोन से प्राप्त तकनीकी डेटा और फोरेंसिक जांच के आधार पर पुलिस ने मनप्रीत सिंह के घर पर छापा मारकर 12.4 किलोग्राम हेरोइन और बरामद की। इस तरह कुल जब्ती की मात्रा बढ़कर 24.5 किलोग्राम हो गई।

इन धाराओं के तहत मामला दर्ज

अधिकारी ने बताया कि आरोपी राणा ने हाल के दिनों में नशीले पदार्थों से कमाए गए पैसों से पॉश क्षेत्रों में संपत्तियां खरीदी थीं और उसे महंगी कारों का भी खास शौक था। उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने के साथ-साथ अतिरिक्त बरामदगी की भी संभावना है। इस संबंध में एसएएस (साहिबजादा अजीत सिंह) नगर स्थित एएनटीएफ पुलिस थाने में स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम तथा भारतीय विमानन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article