Punjab News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज गांव चीमा में संत अतर सिंह जी महाराज अस्पताल का उद्घाटन किया। 11.70 करोड़ रुपये की लागत से बने इस अत्याधुनिक अस्पताल में 30 बिस्तरों की सुविधा है और यह क्षेत्रवासियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह अस्पताल लगभग 15 गांवों के 50 हजार निवासियों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों की 35 से 40 हजार लोगों को भी लाभ पहुंचाएगा। उन्होंने अस्पताल में मौजूद सुविधाओं का जायजा लिया, मरीजों और उनके परिवारों से बातचीत की, और कहा कि अब मरीज स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक उपकरणों और इमरजेंसी व जच्चा-बच्चा वार्ड की सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
संत बाबा अतर सिंह के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण
सीएम मान ने यह भी घोषणा की कि संत बाबा अतर सिंह के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा। राज्य सरकार ने इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उनका कहना था कि इसका उद्देश्य क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा देना और लोगों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पताल 1975 में 10 बिस्तरों के साथ शुरू हुआ था, बाद में इसे 20 बिस्तरों तक बढ़ाया गया और अब क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए इसे 30 बिस्तरों तक विस्तारित किया गया है। अस्पताल आपातकालीन और विशेष चिकित्सा सेवाओं के साथ सड़क दुर्घटना और गंभीर बीमारियों के मरीजों के लिए सर्जिकल सुविधाएं भी प्रदान करेगा।
युवाओं को सकारात्मक दिशा में ऊर्जा लगाने पर जोर
डाक्टरी सेवाओं में ईएनटी, दंत चिकित्सा, बाल रोग विशेषज्ञ, मुफ्त जच्चा-बच्चा स्वास्थ्य सेवाएं, एक्स-रे और रक्त परीक्षण जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा नशा मुक्ति के लिए भी उपचार उपलब्ध होगा। मुख्यमंत्री ने नशों को कानूनी मान्यता देने के विचार को खारिज करते हुए युवाओं को सकारात्मक दिशा में ऊर्जा लगाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में नशा विरोधी मुहिम सफल रही है और तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, उनकी संपत्तियां जब्त की गई हैं और सप्लाई चेन तोड़ा गया है। इसके अलावा उन्होंने प्रशासन की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि मुफ्त बिजली, रोजगार, बेहतर सड़कें और टोल प्लाजा से बचत जैसी योजनाओं से जनता को सीधा लाभ मिल रहा है। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक अमन अरोड़ा और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह भी उपस्थित थे।
