Pune Covid New Guidelines & Rules in Hindi: चीन में बढ़ते कोरोना वायरस के मामलों को देखते हुए भारत ने इस महामारी के खिलाफ एक बार फिर से कमर कस ली है। केंद्र और राज्य सरकार ने लोगों की सुरक्षा को देखते हुए खास निर्देश जारी किए हैं। साथ ही कोरोना के लक्षण पता चलने के बाद लोगों से तुरंत इसका इलाज करने और आइसोलेट होने के निर्देश दिए हैं। इतना ही नहीं राज्य सरकार ने पुणे में बूस्टर डोज बढ़ा दी हैं। यह सुविधा प्राइवेट अस्पताल में भी एक बार फिर से शुरू कर दी गई है।
बीते कुछ वक्त से कोरोना के मामले की संख्या में गिरावट के बाद कई निजी अस्पतालों ने वैक्सीन की खरीद लगभग बंद कर दी थी। हालांकि बूस्टर डोज और कोविशील्ड की बढ़ती मांग को देखते हुए निजी अस्पताल अब एक बार फिर से वैक्सीनेशन की तैयारी कर रहे हैं। कई निजी अस्पतालों ने वैक्सीनेशन शुरू भी कर दिया है।
बूस्टर डोज की मांग बढ़ी
शहर के कई प्रमुख डॉक्टरों ने मामले पर जानकारी देते हुए बताया है कि, पिछले दो हफ्तों में बूस्टर डोज की मांग में भारी इजाफा हुआ है। नए वेरिएंट और कोविड मामलों के बढते खतरे के साथ, अब बहुत से लोग बूस्टर डोज की मांग कर रहे हैं। वहीं बूस्टर डोज नहीं लेने वाले कई लोग अब टीके की मांग कर रहे हैं। नए वेरिएंट के खतरे के कारण अचानक लोग काफी सतर्क हो गए हैं। पुणे शहर के कई डॉक्टरों का मानना है कि अचानक से बूस्टर डोज की मांग बढ़ गई है।
राज्य में कुल इतने वैक्सीनेशन सेंटर
बताया जा रहा है कि राज्य के स्वास्थ्य विभाग के पास फिलहाल कोविशील्ड टीके की डोज की कमी है और इसके परिणामस्वरूप, सरकार की ओर से संचालित किसी भी वैक्सीनेशन सेंटर पर वैक्सीन नहीं लगाई जा रही है। जबकि राज्य के स्वास्थ्य विभाग के पास केवल कोवैक्सिन के टीके हैं जो फिलहाल उनके केंद्रों पर उपलब्ध हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, रविवार तक पूरे महाराष्ट्र में 275 वैक्सीनेशन सेंटर मौजूद थे, जिनमें से केवल 74 निजी अस्पतालों हैं जबकि 201 सरकारी हैं। राज्य सरकार इन वैक्सीनेशन सेंटर की संख्या में इजाफा करने की तैयारी कर रही है।
