प्रयागराज

Mahakumbh 2025: गंगा घाट पर पांटून पुल की संख्या बढ़कर हुई 30, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उठाया कदम

Mahakumbh 2025: महाकुंभ में 40 से 50 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान लगाया गया है। इसे ध्यान में रखते हुए सरकार ने गंगा नदी पर बने पांटून पुल की संख्या बढ़ाकर 30 कर दी है। लोगों को अधिक से अधिक सहूलियत देने के लिए यह कदम उठाया गया है।

Image

गंगा घाट पर पांटून पुल की संख्या बढ़कर हुई 30

Mahakumbh 2025: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ 2025 का आयोजन होने वाला है। महाकुंभ मेले में अब गिने-चुने दिन बाकी रह गए हैं। यूपी सरकार मेला का भव्य आयोजन करने की तैयारी में जुटी हुई है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर लिए गए हैं। यहां चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी से नजर रखी जा रही है। मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सहूलियत और आवागमन को ध्यान में रखते हुए पीपा पुलों की संख्या को बढ़ाने का फैसला लिया गया है। 2019 के कुंभ में जहां 22 पीपा पुल थे। वहीं इस बार इन पुलों की संख्या को बढ़ाकर 30 कर दिया गया है। इस साल 8 नए पीपा पुल बनाए गए हैं।

पांटून पुलों की संख्या बढ़ी

गंगा नदी पर बनाए जा रहे इन 30 पांटून पुलों के निर्माण प्रक्रिया अब तक की सबसे बड़ी संख्या में की जा रही है। इन पुलों को विशेष रूप से भारी भार सहन करने के लिए डिजाइन किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को कोई कठिनाई न हो। इन पुलों का निर्माण श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया गया है और यह महाकुंभ के दौरान सुगम आवागमन सुनिश्चित करेंगे।

इन पुलों की सुरक्षा और मजबूती को सुनिश्चित करने के लिए इन्हें कठोर परीक्षण से भी गुजरना पड़ा है। ये पुल स्थानीय लोगों, साधु संतों, प्रशासनिक अधिकारियों और श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होंगे। महाकुंभ में 40 से 50 करोड़ लोगों के आने की संभावना है। ऐसे में इन पुलों की उपलब्धता से आवागमन में सहूलियत मिलेगी। इससे जाम की समस्या में कमी आएगी और व्यापारियों को भी अपनी गतिविधियों में आसानी होगी।

विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ेंगे पांटून पुल

इन पांटून पुलों का मुख्य उद्देश्य न केवल श्रद्धालुओं के लिए यात्रा को सरल बनाना है, बल्कि विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ने का भी कार्य करना है, जिससे महाकुंभ का आयोजन और भी सुविधाजनक होगा। इस संबंध में एक श्रद्धालु ने बताया कि इस पीपा पुल के बनने से श्रद्धालुओं का आवागमन आसान होगा। पहले पुल पर जाम लगने की उम्मीद थी। लेकिन नए पुलों के निर्माण से जाम लगने की संभावना नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि आवागमन आसान होने से किसी भी श्रद्धालु को कोई समस्या नहीं होगी। मैं तो कुल मिलाकर यही कहूंगा कि कुंभ में बेहतरीन व्यवस्था की गई है।

एक अन्य श्रद्धालु ने आईएएनएस से बातचीत में आगे कहा कि इस बार महाकुंभ में पीपा पुलों की संख्या बढ़ा दी गई है। पिछले कुंभ को देखें तो उसमें जाम की बहुत समस्या थी। लेकिन, इस बार पीपा पुल बनाए जाने से जाम की समस्या से श्रद्धालुओं को निजात मिलेगी। सरकार ने पीपा पुल बनाकर बहुत अच्छा कदम उठाया है। इससे जहां व्यापारियों को अपने सामान का आदान–प्रदान करने में आसानी होगी, तो वहीं श्रद्धालुओं को आवागमन करने में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होगी। उन्होंने आगे कहा कि इस महाकुंभ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने के आसार जताए जा रहे हैं, तो ऐसी स्थिति में यह पीपा पुल श्रद्धालुओं को सहूलियत प्रदान करेगा। हर सेक्टर की आपस में कनेक्टिविटी बढ़ जाएगी। सरकार का काम बढ़िया है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article