Prayagraj Leopard Attack: प्रयागराज के झूंसी क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक रिहायशी इलाके में तेंदुआ घुस आया। छिबैया गांव में तेंदुए के अचानक हमले से लोगों में दहशत फैल गई और जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान तेंदुए ने दो लोगों पर हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए।
हमले के बाद तेंदुआ एक किसान के घर में घुस गया, जहां परिवार के पांच सदस्यों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। किसान ने साहस दिखाते हुए तेंदुए को घर के अंदर ही बंद कर दिया। तेंदुए को पकड़ने के लिए कानपुर से विशेष टीम को बुलाया गया है।
मौके पर वन विभाग के साथ चार थानों की पुलिस फोर्स तैनात है और मकान के चारों ओर जाल लगाकर इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुटे हैं और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया है।
