शहर

West Bengal Assembly Election 2026: बंगाल में ‘साइलेंट वॉर’, रणनीति बनाम भावना की सीधी टक्कर

पश्चिम बंगाल चुनाव में रैलियों के शोर के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का साइलेंट माइक्रो-मैनेजमेंट अभियान चर्चा में है। रात की बैठकों से रणनीति तय हो रही है, जबकि ममता बनर्जी भावनात्मक और अस्मिता की राजनीति पर जोर दे रही हैं। अब मुकाबला रणनीति बनाम भावना का है, जिसका फैसला ईवीएम करेगी।

Image

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026

Photo : IANS

West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल अपने चरम पर है। पहले चरण की वोटिंग पूरी हो चुकी है, लेकिन राजनीतिक तापमान अभी भी ऊंचा बना हुआ है। मंचों से तीखे भाषण, नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप और लगातार हो रही रैलियां चुनावी माहौल को गरमाए हुए हैं। हालांकि, इस शोर-शराबे के बीच एक और सियासी परत सामने आ रही है—एक ऐसा “साइलेंट मिशन” जो भीड़ से दूर, बंद कमरों में आकार ले रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस बार बंगाल में सिर्फ सार्वजनिक रैलियों तक सीमित नहीं हैं। उनकी रणनीति का बड़ा हिस्सा रात के समय होने वाली बैठकों पर आधारित है, जहां बूथ स्तर से लेकर संभाग स्तर तक की विस्तृत रिपोर्ट ली जा रही है।

रैलियां दिन में, रणनीति रात में

बीजेपी ने पूरे राज्य को पांच हिस्सों जैसे सिलीगुड़ी, बालुरघाट, दुर्गापुर, खड़गपुर और हुगली में बांटकर माइक्रो मैनेजमेंट की रणनीति अपनाई है। सूत्रों के अनुसार, शाह हर क्षेत्र में दिन में रैली करने के बाद रात में स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ लंबी बैठकों में हिस्सा ले रहे हैं। 10 अप्रैल को खड़गपुर और 13 अप्रैल को दुर्गापुर में हुई बैठकों में उन्होंने कई घंटों तक संगठन की जमीनी स्थिति, वोटर मूड और बूथ स्तर की तैयारियों की समीक्षा की। अब कोलकाता में डेरा डालकर वे दूसरे चरण की वोटिंग तक लगातार रणनीति पर काम कर रहे हैं।

टीएमसी का जवाब: अस्मिता और भावनात्मक कार्ड

दूसरी ओर, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में टीएमसी भी आक्रामक प्रचार में जुटी है। पार्टी बंगाली अस्मिता और क्षेत्रीय पहचान को प्रमुख मुद्दा बनाकर चुनाव लड़ रही है। बीजेपी जहां संगठन और रणनीति पर भरोसा कर रही है, वहीं टीएमसी भावनात्मक और सांस्कृतिक जुड़ाव को अपनी ताकत बना रही है।

दो चरणों में चुनाव, नतीजों पर सबकी नजर

राज्य में मतदान दो चरणों में हो रहा है। 23 अप्रैल को पहले चरण में 16 जिलों की 152 सीटों पर मतदान हुआ, जबकि 29 अप्रैल को शेष सीटों पर वोट डाले जाएंगे। नतीजे 4 मई को घोषित होंगे। पहले चरण के बाद अब दोनों प्रमुख दलों की नजर दूसरे चरण पर टिक गई है।

इतिहास की परतें: बदलाव की राजनीति

बंगाल की राजनीति का इतिहास बताता है कि यहां चुनाव सिर्फ मुद्दों पर नहीं, बल्कि भावनाओं और पहचान की राजनीति पर भी लड़े जाते हैं। वाम शासन के दौर में भूमि सुधार जैसे बड़े कदम उठाए गए, लेकिन विकास को लेकर सवाल बने रहे। बाद में बुद्धदेव भट्टचार्जी ने औद्योगिक विकास की कोशिश की, लेकिन राजनीतिक परिस्थितियों ने उनकी राह मुश्किल कर दी। इसके बाद ममता बनर्जी के नेतृत्व में सत्ता परिवर्तन हुआ, जिसने राज्य की राजनीति को नया मोड़ दिया।

बीजेपी की चुनौती: चेहरा बनाम संगठन

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बंगाल में बदलाव धीरे-धीरे नहीं, बल्कि अचानक होता है। ज्योति बासु से लेकर ममता बनर्जी तक, हर दौर में एक मजबूत चेहरा पूरे राजनीतिक नैरेटिव पर हावी रहा है। यही वजह है कि बीजेपी के सामने सबसे बड़ी चुनौती एक ऐसे राज्यव्यापी चेहरे की कमी मानी जा रही है, जो भावनात्मक स्तर पर मतदाताओं से जुड़ सके। हालांकि, विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी का प्रभाव कुछ क्षेत्रों में दिखता है, लेकिन पूरे राज्य में उनकी स्वीकार्यता अभी भी चर्चा का विषय है।

ध्रुवीकरण, भाषा और ‘रिवर्स स्विंग’ का फैक्टर

विशेषज्ञ यह भी मानते हैं कि बंगाल में ध्रुवीकरण हमेशा सीधे वोट में तब्दील नहीं होता। कई बार इसका उल्टा असर भी देखने को मिलता है। भाषा, संस्कृति और स्थानीय पहचान जैसे कारक यहां चुनावी नतीजों को गहराई से प्रभावित करते हैं।

शांत चुनाव या तूफान से पहले की खामोशी?

इस बार चुनाव में एक और बदलाव देखने को मिल रहा है- हिंसा अपेक्षाकृत कम और राजनीतिक बयानबाजी का स्वर कुछ नरम नजर आ रहा है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि यह बदलाव स्थायी है या किसी बड़े राजनीतिक घटनाक्रम से पहले की शांति।

अंतिम सवाल: रणनीति जीतेगी या भावना?

ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या अमित शाह का यह साइलेंट और माइक्रो-मैनेज्ड अभियान बंगाल की भावनात्मक राजनीति पर भारी पड़ेगा, या फिर एक बार फिर क्षेत्रीय पहचान और नेतृत्व का चेहरा रणनीति को पीछे छोड़ देगा? फिलहाल जवाब भविष्य के गर्भ में है। अंतिम फैसला अब न भाषण करेंगे, न दावे—बल्कि ईवीएम की बीप ही तय करेगी कि बंगाल की सत्ता किसके हाथ में जाएगी।

Himanshu Tiwari
हिमांशु तिवारीauthor

हिमांशु तिवारी एक पत्रकार हैं जिन्हें प्रिंट से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स तक का 16 साल का अनुभव है। मैंने अपना करियर क्राइम रिपोर्टर के रूप में शुरू किया था लेकिन बाद में पॉलिटिकल रिपोर्टिंग में शिफ्ट हो गया। पिछले 12 से अधिक वर्षों से बीजेपी, आरएसएस को कवर कर रहे हैं, कुछ आम चुनावों और कई विधानसभा चुनावों की सटीक रिपोर्टिंग भी की है। "सारी दुनिया एक मंच है" और इसलिए रंगमंच और नाटक लिखने में गहरी रुचि है।

और पढ़ें
End of Article