शहर

पिंपरी-चिंचवड़ में 'हाई-वोल्टेज' ड्रामा, नशे में हाई-टेंशन टावर पर चढ़ा युवक, 60 जवानों ने घंटों की मशक्कत के बाद बचाया

महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड़ में एक शराबी व्यक्ति हाई-टेंशन टावर पर चढ़ गया। दमकल विभाग की 8 टीमों और 60 जवानों ने घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा।

Image

दमकल विभाग की 8 टीमों ने बचाई जान

Photo : ANI

महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड़ के निगडी इलाके में सोमवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति नशे की हालत में हाई-टेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गया। कई घंटों तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद दमकल विभाग की मुस्तैदी से शख्स को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

50 जवानों की टीम और घंटों की मशक्कत

पिंपरी-चिंचवड़ दमकल विभाग को सोमवार रात खबर मिली कि एक व्यक्ति निगडी इलाके में काफी ऊंचाई पर स्थित हाई-टेंशन टावर पर चढ़ गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की 8 टीमें और लगभग 50 से 60 जवानों को तुरंत मौके पर तैनात किया गया।

नशे में था शख्स, बचाव में आई बड़ी चुनौती

बचाव अभियान का नेतृत्व कर रहे दमकल अधिकारी ऋषिकेश चिपड़े ने बताया कि वह व्यक्ति अत्यधिक नशे में था। उन्होंने कहा, "वह बात करने या निर्देशों का पालन करने की स्थिति में नहीं था, जिससे हमारी चुनौती और बढ़ गई थी। हमें उस पर भरोसा करने के बजाय जबरन नीचे लाने की रणनीति अपनानी पड़ी।"

तकनीकी सूझबूझ से बची जान

हादसे की आशंका को टालने के लिए 'डुअल ऑपरेशन' चलाया गया। सबसे पहले दो जवानों ने टावर पर चढ़कर एक 'सेफ्टी लाइन' (रस्सी) लगाई ताकि वह नीचे न गिर सके। इसके बाद, एरियल लैडर प्लेटफॉर्म (ऊंची सीढ़ी वाली गाड़ी) की मदद से जवानों ने उसे ऊपर से सुरक्षित पकड़ा और धीरे-धीरे जमीन पर उतारा।

पुलिस को सौंपा गया

सुरक्षित नीचे उतारने के बाद शख्स को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया है। फिलहाल उसकी मेडिकल जांच की जा रही है और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि प्रतिबंधित और सुरक्षित टावर के इतने ऊपर वह कैसे पहुंच गया। इस घटना के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!