Kaushambi Road Accident: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में शुक्रवार को श्रद्धालुओं को लेकर जा रहा एक पिकअप वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े ट्रेलर ट्रक से टकरा गया, जिससे कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार यह हादसा सैनी थाना क्षेत्र में उस समय हुआ, जब पिकअप प्रयागराज से फतेहपुर की दिशा में वापस लौट रहा था और सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा भिड़ा।
राहत और बचाव कार्य लगातार जारी
अधिकारी के मुताबिक हादसे के वक्त पिकअप वाहन में महिलाओं और बच्चों समेत करीब दो दर्जन श्रद्धालु सवार थे। प्रयागराज जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) ज्योति नारायण ने जानकारी दी कि इस दुर्घटना में आठ लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है तथा घायलों को उपचार के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
मुंडन संस्कार से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, फतेहपुर से श्रद्धालु एक पिकअप वाहन से प्रयागराज मुंडन संस्कार में शामिल होने गए थे। समारोह से लौटते समय सैनी कोतवाली क्षेत्र के एनएच-2 डोरमा हाईवे पर उनकी पिकअप की एक कंटेनर से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
सीएम योगी ने किया मुआवजे का ऐलान
इसी बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कौशांबी में हुए हादसे का संज्ञान लिया और जान गंवाने वालों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया। उन्होंने घायलों के लिए 50,000 रुपये के मुआवजे का भी ऐलान किया और हादसे से प्रभावित सभी लोगों को पूरी मदद और ज़रूरी मदद का भरोसा दिया।
ट्रैक्टर-मोटरसाइकिल की टक्कर में दो लोगों की मौत
वहीं, यूपी के मुजफ्फरनगर जिले के मंसूरपुर इलाके में बृहस्पतिवार की शाम दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मृत्यु हो गई तथा एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि मंसूरपुर थाना क्षेत्र के सिंधावली के पास एक ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
इसके चलते ट्रैक्टर चला रहे सुहैल (26) और मोटरसाइकिल पर सवार नितिन (25) की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, इस घटना में मोटरसाइकिल सवार प्रवीण नाम के व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना प्रभारी आनंद देव मिश्रा ने बताया कि घायल को इलाज के लिए पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
