शहर

Patna Accident: पटना में कोहरा बना काल! तीन वाहनों की जोरदार भिड़ंत, 2 लोगों की मौत

Patna Road Accident: पटना में बख्तियारपुर–मोकामा फोरलेन पर घने कोहरे के कारण भीषण हादसा हो गया। शनिवार देर रात तीन वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई। जिसमें दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

Image

फाइल फोटो

Patna Accident News: पटना में शनिवार देर रात घने कोहरे के कारण तीन वाहनों की टक्कर हो गई। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल बताए जा रहे हैं। यह हादसा पटना के बाढ़ अनुमंडल में अथमलगोला थाना क्षेत्र अंतर्गत बख्तियारपुर–मोकामा फोरलेन पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि फोरलेन के किनारे एक कंटेनर खड़ा था। कोहरा इतना घना था कि सामने कुछ भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक स्कॉर्पियो कंटेनर में पीछे से जा टकराई। इसके बाद स्कॉर्पियो के पीछे चल रही क्रेटा और एक अन्य गाड़ी भी आपस में भिड़ गई। इस शृंखलाबद्ध टक्कर में एक गाड़ी कंटेनर के अंदर तक घुस गई।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस को सूचना दी और घायलों को क्षतिग्रस्त वाहनों से निकालने में मदद की। एक गाड़ी में फंसे लोगों को निकालने के लिए ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों के अनुसार, एक ही वाहन में सवार दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। सूचना मिलते ही अथमलगोला थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से पास के बख्तियारपुर अस्पताल में ले जाया गया जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और शवों की पहचान करने में जुटी है।

हादसे के बाद फोरलेन पर लगा जाम

हादसे के बाद फोरलेन पर वाहनों की करीब एक किलोमीटर लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस और प्रशासन ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर फोरलेन पर यातायात बहाल कराया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायलों का इलाज जारी है। लोगों को कोहरे के दौरान धीमी गति से वाहन चलाने के लिए जागरूक किया जा रहा है, साथ ही लगातार रास्तों पर पुलिस गश्त भी कर रही है। पुलिस की तरफ से लगातार इसको लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article