बिहार के सीतामढ़ी जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां तलाक लेने गए जीजा को उसके सालों ने जमकर पीटा है। युवकों ने जीजा को मार-मारकर उसके हाथ-पैर तक तोड़ दिए हैं। गंभीर रूप से घायल पीड़ित को इलाज के लिए अस्पताल में आईसीयू में भर्ती करवाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले को लेकर एफआईआर दर्ज की गई।
तलाक लेने आए जीजा की सालों ने की जमकर पिटाई
पुलिस अधिकारी ने बताया कि उजाले, जिसकी पिटाई की गई है वह अपने तलाक देने के लिए अपनी पत्नी मुस्कान परवीन से मिलने आया था। पत्नी से तलाक को लेकर बातचीत करने के बाद वह सीतामढ़ी में स्थित अपने घर वापस लौट रहा था, तभी उसके साथ ये घटना हुई। पुलिस ने बताया की पत्नी के भाइयों ने दरभंगा फोरलेन पर संगम घाट के पास पीड़ित को बस से बाहर खींचकर रॉड से मारा है। पीड़ित उजाले का आरोप है कि उनके सालों ने उनसे 4.50 लाख रुपये भी छीन लिए हैं।
पुलिस ने पीड़ित के सालों के खिलाफ दर्ज की FIR
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी मायके में रह रही थी। वह आवश्यक खर्चों के लिए पैसे लेकर आए थे और तलाक के संबंध में भी बात की गई थी। उसके बाद उनके सालों ने उनके साथ जमकर मारपीट की। उजाले को गंभीर हालत में निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उजाले के सालों मोहम्मद महताब, मोहम्मद कादिर, मोहम्मद फरीद और मुख्तार हाफिज के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने बताया कि यह मामला परिवारिक विवाद का प्रतीक है, जिसमें तलाक की प्रक्रिया के दौरान हिंसा का सहारा लिया गया।
