बिहार में मुजफ्फरपुर से होकर चलने वाली पहली वंदे भारत एक्सप्रेस को अब गोरखपुर से अयोध्या धाम तक बढ़ाने की योजना पर विचार किया जा रहा है। रेलवे बोर्ड इसके लिए गोरखपुर से अयोध्या धाम तक पूरे सेक्शन का फिजिबिलिटी सर्वे करा रहा है। इस सर्वे की रिपोर्ट आने पर तय होगा कि विस्तार को मंजूरी दी जाए या नहीं।
बता दें कि गोरखपुर-पाटलिपुत्र वंदे भारत एक्सप्रेस (26501/02) का परिचालन शुरू हुए लगभग तीन महीने हो चुके हैं, लेकिन इस ट्रेन को अब तक भी अपेक्षित यात्री संख्या नहीं मिल रही है। यानी इस रूट पर वंदे भारत को उतने यात्री नहीं मिल रहे हैं, जितने अन्य रूट पर आसानी से मिल जाते हैं।
यात्रियों और रेल परामर्शदात्री समिति के सदस्यों ने कई बार इस वंदे भारत ट्रेन को अयोध्या या वाराणसी तक बढ़ाने की मांग की थी। मंडल रेलवे उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य हरीराम मिश्रा ने भी इस संबंध में रेलवे बोर्ड को चिट्ठी लिखी। उनका कहना है कि विस्तार होने पर ट्रेन को अधिक यात्री मिलने की संभावना है।
रेलवे बोर्ड अब इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार कर रहा है। सर्वे रिपोर्ट के बाद वंदे भारत ट्रेन के परिचालन विस्तार को लेकर सकारात्मक निर्णय लिए जाने की संभावना बढ़ गई है।
इधर, यात्रियों की सुविधा के लिए दानापुर-जोगबनी 26302 वंदे भारत का आज से नियमित संचालन शुरू किया जा रहा है। यह ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन दानापुर से चलेगी, जबकि बुधवार को छोड़कर छह दिन जोगबनी से रवाना होगी।
दानापुर से शाम 5:10 बजे खुलकर यह ट्रेन शाम 6:45 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी और पांच मिनट रुकने के बाद आगे रवाना होगी। रात 1:20 बजे जोगबनी पहुंचने वाली यह ट्रेन वापसी में सुबह 3:25 बजे जोगबनी से खुलकर सुबह 9 बजे मुजफ्फरपुर और 11:30 बजे दानापुर पहुंचेगी। यह ट्रेन कुल 455 किलोमीटर की दूरी 12 स्टेशनों पर ठहराव के साथ तय करेगी।
