पटना

भाई वीरेंद्र को लेकर तेज प्रताप ने किया राजद से सवाल, पूछा- क्या विधायक पर कार्रवाई करेगी पार्टी?

राजद से निष्कासित तेजप्रताप यादव ने निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा करने के बाद एक बार राजद पर मुखर हुए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर भाई वीरेंद्र के विवाद को लेकर पार्टी से पूछा कि क्या राजद विधायक पर SC-ST विरोधी टिप्पणी और धमकी के लिए कार्रवाई करेगा।

Image

भाई वीरेंद्र की वायरल ऑडियो को लेकर राजद पर निशाना (फाइल फोटो |@TejYadav14)

Photo : Twitter

Tej Pratap On Bhai Virendra: बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होना है, जिसे लेकर सभी दल अपनी तैयारियों में जुटे हैं। इस बीच, राजद से निष्कासित तेजप्रताप यादव ने महुआ सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। इसके बाद आज मंगलवार को उन्होंने राजद से भाई वीरेंद्र को लेकर सवाल भी पूछे हैं। बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने राजद विधायक भाई वीरेंद्र के एक कथित ऑडियो के वायरल होने के बाद यह सवाल किए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल इस ऑडियो में सुना जा सकता है कि एक व्यक्ति, जिनको भाई वीरेंद्र बताया जा रहा है, वह एक पंचायत सचिव को फटकार लगाते हुए उसे अपमानित कर रहा है।

'एक्स' पर उठाया सवाल

इसे लेकर तेज प्रताप यादव ने सोशल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक तस्वीर पोस्ट करते हुए कहा कि "क्या राजद अपने विधायक भाई वीरेंद्र पर भी कार्रवाई करेगी, जिन्होंने बाबासाहेब आंबेडकर के आदर्शों के उलट SC-ST समाज के खिलाफ शर्मनाक टिप्पणी की, जान से मारने की धमकी दी।"

उन्होंने आगे लिखा, "मुझे तो जयचंदों की साजिश के तहत पार्टी से बाहर कर दिया गया...अब देखना है कि बवाल करने वालों पर भी पार्टी उतनी ही सख्ती दिखाएगी या नहीं? संविधान का सम्मान भाषणों में नहीं, आचरण में दिखना चाहिए।"

पोस्ट की गई मॉर्फ्ड तस्वीर में भाई वीरेंद्र के अलावा एक और व्यक्ति को दिखाया गया है जो कुर्सी पर बैठा है। वहीं पीछे दीवार पर बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर और महात्मा गांधी की तस्वीर लगी हुई है।

ऑडियो क्लिप में क्या है?

आपको बता दें कि समाचार एजेंसी आईएनएस के मुताबिक भाई वीरेंद्र का जो ऑडियो वायरल हो रहा है, उसमें वह अपने विधानसभा क्षेत्र मनेर के एक स्थानीय पंचायत सचिव को धमकी दे रहे हैं। इसमें वे एक मृत्यु प्रमाण पत्र को लेकर बात करते हैं लेकिन पंचायत सचिव से किसी बात को लेकर नाराज हो जाते हैं। वायरल ऑडियो में कथित तौर पर विधायक पंचायत सचिव के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते सुनाई दे रहे हैं और जूते से मारने की धमकी दे रहे हैं। इसके वायरल हो जाने के चलते राजनीतिक गलियारों में यह मामला तूल पकड़ चुका है और पंचायत सचिव ने इस मामले में SC-ST थाने में प्राथमिकी दर्ज करवा दी है।

(इनपुट-आईएएनएस)

Nishant Tiwari
निशांत तिवारी author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article