Sitamarhi Murder: बिहार के सीतामढ़ी जिले में अपराधियों ने एक बार फिर कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। अपराधियों ने मंगलवार को एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अपराधियों ने प्रॉपर्टी डीलर के घर के बाहर ही इस वारदात को अंजाम दिया। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस को घटनास्थल से एक 7.6 एमएम खोखा और पिस्टल बरामद हुई है। पुलिस अब हत्यारों की तलाश में जुट गई है।
अपराधियों ने करीब से सिर में मारी गोली
मृतक की पहचान वसीम अनवर उर्फ पुट्टू खान के रूप में हुई है। यह घटना मेहसौल चौक के पास लखनदेई पुल के करीब हुई। वसीम अपने घर के बाहर खड़े थे। तभी बाइक सवार बदमाशों ने नजदीक से उनके सिर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। गोली लगते ही वसीम जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
आरोपियों की पहचान के लिए CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
इस हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमित रंजन, मेहसौल ओपी प्रभारी समेत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जिसमें तीन संदिग्धों की पहचान की गई है। एक संदिग्ध का चेहरा स्पष्ट रूप से कैमरे में कैद हुआ है, जिससे जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती है। एसपी अमित रंजन ने बताया कि हत्या के पीछे के कारणों की जांच कई बिंदुओं पर की जा रही है।
