पटना

गया में खौफनाक मंजर; सुनसान सड़क पर गर्दन काट उतारा मौत के घाट, इलाके में फैली दहशत

बिहार के गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। प्यारेचक-नेवधी सड़क मार्ग पर एक व्यक्ति की गर्दन काटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर जांच में जुटी है, जबकि मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।

Image

गया में गला रेतकर हत्या

Photo : Times Now Digital

बिहार के गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक व्यक्ति की गर्दन काटकर निर्मम हत्या कर दी गई। यह घटना प्यारेचक-नेवधी सड़क मार्ग पर घटी, जहां राहगीरों ने खून से सना हुआ शव देखा। मृतक की उम्र करीब 45 साल बताई जा रही है। शव देखकर इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई।

स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना कोंच थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। कोंच थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि शव की पहचान के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से, आसपास के गांवों और थानों में तस्वीरें भेजी जा रही हैं। वहीं टिकारी एसडीपीओ सुशांत चंचल ने जानकारी दी कि गया, औरंगाबाद, अरवल और जहानाबाद जिलों के थानों को भी मृतक की तस्वीर भेजी गई है ताकि पहचान की जा सके।

घटनास्थल पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को भी बुलाया गया है, जो वैज्ञानिक तरीके से जांच में जुटी है। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस का मानना है कि हत्या इसी स्थान पर की गई है, क्योंकि वहां खून के निशान साफ तौर पर दिख रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पहचान न होने तक अस्पताल में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं, लेकिन जांच की गोपनीयता को देखते हुए फिलहाल ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article