Bihar Teacher Murder: बिहार के छपरा जिले में शनिवार को एक शिक्षक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात दरियापुर थाना क्षेत्र के बिसाही गांव में घटी, जहां बाइक पर सवार दो अज्ञात हमलावरों ने 46 वर्षीय शिक्षक संतोष राय पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
हमले में उनके चालक कांग्रेस राय भी गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, संतोष राय अपनी कार से बिसाही लौट रहे थे, तभी घात लगाए बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया। दोनों को तत्काल परसा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही संतोष राय की मौत हो गई।
आपसी वर्चस्व की लड़ाई
प्राथमिक जांच में हत्या का कारण आपसी वर्चस्व की लड़ाई माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि संतोष राय परसा स्टैंड के मालिक थे और कुछ दबंगों की नजर लंबे समय से उस पर थी। साथ ही, मृतक दुर्दांत अपराधी जेपी राय के भतीजे थे, जिनके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, हालांकि वे जमानत पर बाहर हैं। फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है और हत्यारों की तलाश में जुट गई है। घटना से इलाके में तनाव का माहौल है।
