पटना

भागलपुर से हैरतअंगेज मामला, गर्ल्स होस्टल में पानी की टंकी में मिले 42 जहरीले सांप, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

भागलपुर में तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के गर्ल्स होस्टल में कई जहरीले सांप मिले हैं। यहां हॉस्टल की पानी की टंकी में 42 रसल वाइपर सांप मिले है। वन विभाग ने इन्हें रेस्क्यू कर जमुई के जंगल में छोड़ दिया है।

Image

रसल वाइपर सांप (सांकेतिक फोटो)

KEY HIGHLIGHTS
  • तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में मिले जहरीले सांप
  • लड़कियों को पानी के टंकी से आई सांपों की आवा
  • वन विभाग ने रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा

Snakes in Girls Hostel Bhagalpur: भागलपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल में 42 रसल वाइपर सांप मिले हैं। ये जहरीले सांप हॉस्टल की पानी की टंकी में पाए गए। लड़कियों को टंकी से सांपों की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद सांपों के बारे में पता चला। इस घटना के बाद हॉस्टल में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सांपों को रेस्क्यू किया और जंगल में छोड़ दिया।

सांपों की सरसराहट से मामले का खुलासा

यह मामला तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय का है। जिसके गर्ल्स होस्टल की पानी की टंकी में रसल वाइपर सांपों ने डेरा डाला हुआ था। ये दुनिया के सबसे खतरनाक सांपों में शामिल हैं। जानकारी के अनुसार 6 अगस्त को हॉस्टल की लड़कियों को पानी की टंकी से सरसराहट की आवाज सुनाई दी। जिसके बाद उन्होंने सक्षम अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। जब टंकी की जांच की गई तो पता चला कि 42 रसल सांप उसमें मौजूद हैं। जिसके बाद लड़कियों में दहशत का माहौल बन गया।

जमुई के जंगल में छोड़े गए सांप

इस घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सांपों को रेस्क्यू किया। वन विभाग के अधिकारी अभय कुमार सिन्हा ने बताया कि पीजी गर्ल्स हॉस्टल से 6 अगस्त को 42 जहरीले रसल वाइपर सांप को रेस्क्यू किया गया। 8 अगस्त को इन सांपों को जमुई के जंगलों में छोड़ दिया गया।

जून से अब तक 160 सांपों को किया गया रेस्क्यू

वन अधिकारी ने बताया कि जून से अगस्त महीने के बीच 160 सांपों को अब तक रेस्क्यू किया जा चुका है। जिनमें से अधिकतर सांप अलग-अलग इलाकों में पाए गए हैं। रेस्क्यू किए गए सांपों में रसल वाइपर जैसे खतरनाक सांप भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि बारिश के सीजन में घरों में सांपों का आना आम बात है। बारिश के मौसम में सांपों के बिल में पानी भरने के कारण वे सुरक्षित जगहों की तलाश में लोगों के घरों में पहुंच जाते हैं। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि घरों में सांप दिखने पर वन विभाग को तुरंत सूचित करें और रेस्क्यू टीम का इंतजार करें।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article