बिहार के सीतामढ़ी जिले स्थित पुनौराधाम में भव्य जानकी मंदिर तीर्थ क्षेत्र के निर्माण की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया गया है। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने 812 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण के लिए ओपन ग्लोबल टेंडर जारी किया है, जिसमें देश-विदेश की प्रमुख निर्माण कंपनियां भाग ले सकेंगी। यह टेंडर शुक्रवार को सार्वजनिक हुआ है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में मंदिर और पर्यटन क्षेत्र के समग्र विकास के लिए 882.87 करोड़ रुपये की विस्तृत योजना को मंजूरी दी गई है। अगस्त में प्रस्तावित सीता मंदिर का शिलान्यास किया जाना है। पिछले साल नवंबर में ही सरकार ने प्रारंभिक चरण के लिए 120 करोड़ रुपये स्वीकृत किए थे, जिसका उपयोग पर्यटक सुविधाओं और भूमि अधिग्रहण में किया जाएगा।
इस योजना के अंतर्गत 50 एकड़ से अधिक भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जानकी मंदिर के डिजाइन की तस्वीरें साझा करते हुए इसे बिहार की सांस्कृतिक विरासत के लिए गौरवपूर्ण कदम बताया।
पुनौराधाम को अयोध्या की तर्ज पर विकसित कर रामायण सर्किट से जोड़ा जाएगा, जिससे यह एक प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र बन सकेगा।
