पटना

Bihar Police का जनवरी का रिपोर्ट कार्ड जारी, 2 मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर

बिहार में पुलिस ने अपराधियों को लेकर सख्ती बढ़ाई है। पुलिस के इस माह के जारी रिपोर्ट कार्ड के मुताबिक, जनवरी में दो मुठभेड़ हुई, जिसमें तीन अपराधी ढेर हुए।

Image

(सांकेतिक फोटो)

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

पटना: बिहार में कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर रही है। लेकिन, हाल के दिनों में पुलिस की कार्यशैली पर गौर करें तो पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठा रही है। पुलिस गोली चलाने से भी पीछे नहीं हट रही है। पिछले एक सप्ताह में बिहार पुलिस ने दो मुठभेड़ में तीन अपराधियों को ढेर कर दिया है। हालांकि इनमें एक दारोगा को भी गोली लगी है। पटना के फुलवारी शरीफ इलाके में पुलिस और अपराधियों के बीच छह जनवरी की रात हुई मुठभेड़ में दो अपराधियों को मार गिराया गया जबकि एक सब इंस्पेक्टर गोली लगने से घायल हो गए थे। पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्तौल भी बरामद की थीं। दरअसल, लूटपाट के उद्देश्य से आठ- दस की संख्या में अपराधी फुलवारी शरीफ के हिंदुनी गांव में इकट्ठा हुए थे और इसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस पहुंच गई थी।

कुख्यात सुशील मोची मुठभेड़ में हुआ था ढेर

इससे पहले इसी महीने शुक्रवार की रात पूर्णिया पुलिस और विशेष कार्य बल ने मिलकर इनामी अपराधी सुशील मोची को मुठभेड़ में मार गिराया था। पूर्णिया के बायसी थाना क्षेत्र के ताराबाड़ी में हुई इस मुठभेड़ में मारे गए सुशील मोची पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। बिहार और पश्चिम बंगाल में उसका आतंक था। सुशील मोची जेल से बाहर आया था और बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में था।

इससे पहले पिछले महीने यानी 13 दिसंबर को पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र के संजय नगर में पुलिस ने मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी अजय राय को ढेर कर दिया था। अजय राय अपने दो साथियों के साथ एक मकान में नाम बदलकर रह रहा था। पुलिस ने जब उसे सरेंडर करने को कहा तो अजय ने पुलिस पर गोली चला दी। उसके दो साथी भाग गए। इस दौरान करीब 20 राउंड की गोली चली। हालांकि इस मुठभेड़ में इंस्पेक्टर दिवाकर कुमार को भी गोली लगी थी।

यही नहीं, दिसंबर महीने में गोपलगंज जिले में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में एक अपराधी के पैर में गोली लगी थी, जिससे वह घायल हो गया था।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article