Patna Traffic Update: राजधानी पटना की ट्रैफिक व्यवस्था शु्क्रवार की सुबह 5 बजे से देर शाम तक बदली रहेगी। नगर निगम चुनाव के मतदान के कारण कई मार्गों पर वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई गई है। बोरिंग रोड स्थित एएन कॉलेज में मतों की गिनती होनी है, जिस वजह से इससे संबंधित मार्गों पर सामान्य वाहन नहीं चलेंगे। ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी आदेश के मुताबिक बोरिंग रोड से लेकर एएन कॉलेज पानी टंकी तक सामान्य वाहनों का परिचालन पूरी तरह से प्रतिबंधित है। बोरिंग रोड चौराहे से एएन कॉलेज की ओर एवं मोहिनी मोड़ से सहदेव महतो मार्ग में और पानी टंकी मोड़ से एएन कॉलेज की ओर सामान्य वाहन परिचालित नहीं किए जाएंगे।
सुबह 5 बजे से देर शाम तक इस रूट के वाहन सवार वैकल्पिक मार्ग पर आवागमन कर सकते हैं। इतना नहीं बोरिंग रोड से राजापुर और राजापुर से हड़ताली मोड़, बेली रोड से बोरिंग रोड क्रॉसिंग तक के मार्ग पर व्यावसायिक वाहन नहीं चल पाएंगे। इस रूट के चालक भी वैकल्पिक मार्ग का चयन कर सकते हैं।
