Patna News: पटना सिटी इलाके में बाइपास थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरु गोविंद सिंह लिंक पथ पर एक भीषण सड़क हादसे में युवक की जान चली गई। तेज रफ्तार ट्रक और ऑटो में टक्कर हो गई, जिसमें ऑटो सवार रितेश की मौत हो गई। जबकि एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में युवक की मौत के बाद स्थानीय लोग उग्र हो गए। लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और ट्रक में तोड़फोड़ की।
सूचना पर पुलिस पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। दरअसल, बाइपास थाना क्षेत्र अंतर्गत मरचा गांव की निवासी रेखा देवी के बेटे गोलू का हाथ टूट गया था। उसके इलाज के लिए मां-बेटा, रितेश, आकाश और गांव का एक युवक ऑटो में सवार होकर बिस्कोमान गोलंबर के पास डॉक्टर के यहां जा रहे थे।
हादसे के बाद वाहन छोड़कर भागा चालक
पटना सिटी में चौकशिकारपुर ओवरब्रिज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो में टक्कर मारी। इस कारण ऑटो चला रहे रितेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि ऑटो में सवार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। इनका नालंदा मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल (एनएमसीएच) में इलाज चल रहा है। पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने एवं आरोपी ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने जमकर हंगामा किया। इधर, ट्रैफिक पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ऑटो और ट्रक को सड़क किनारे पर जब्त किया।
ट्रक चालक को जल्द गिरफ्तार करने का दावा
लोगों को आक्रोश को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस पदाधिकारी ने लोगों की मांग को सुनकर बहुत जल्द आरोपी ट्रक चालक की गिरफ्तारी का दावा किया है। पुलिस का कहना है कि, ट्रक मालिक से संपर्क कर आरोपी चालक की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि, पूर्व की सड़क दुर्घटनाओं में पुलिस ने यही दावा किया था, लेकिन एक भी आरोपी वाहन चालक अब तक पकड़ा नहीं गया है। लोगों ने पुलिस को चेतावनी दी कि, पीड़ित परिवार को मुआवजा और आरोपी ट्रक चालक की गिरफ्तारी नहीं हुई तो हमलोग सड़क जाम कर उग्र प्रदर्शन करेंगे।
