पटना

Patna JP Path: पटना में जेपी गंगा पथ से पीएमसीएच में एंट्री इस दिन से होगी बंद, सिर्फ इमरजेंसी वालों के लिए जारी रहेगा आवागमन

  • Reported by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 10, 2022, 06:27 PM IST

Patna Jp Path Updates: पटना एवं अन्य जिलों के लिए बेहद जरूरी खबर है। सूबे के सबसे बड़े अस्पताल पीएमसीएच में इस महीने के तीसरे हफ्ते से जेपी गंगा पथ से एंट्री नहीं हो सकेगी। यह रास्ता सिर्फ अस्पताल के मरीजों एवं कर्मचारियों के खुला रहेगा। आम लोगों के लिए यह रास्ता प्रतिबंधित कर दिया जाएगा।

Image

पटना जेपी पथ, जिससे पीएमसीएच परिसर में एंट्री नहीं हो सकेगी।

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • 25 दिसंबर से जेपी गंगा पथ से पीएमसीएच में बाहरी वाहनों का नहीं हो सकेगा प्रवेश
  • जाम से बचने के लिए जेपी गंगा पथ से वाहन सवार पीएमसीएच में करते हैं प्रवेश
  • राजेंद्र सर्जिकल ब्लॉक के पास जाम से मरीजों एवं तीमारदारों को होती है परेशानी

Patna News: पटना में जेपी गंगा पथ से आने वाले सभी तरह के वाहन अब पटना मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल (पीएमसीएच) से होकर नहीं जा सकेंगे। पीएमसीएच प्रबंधन ने जेपी गंगा पथ से आने वाले वाहनों के प्रवेश पर 25 दिसंबर से रोक लगाने का निर्णय लिया है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि 25 दिसंबर से सिर्फ मरीज एवं अस्पताल के कर्मचारी इस रास्ते से अस्पताल परिसर में प्रवेश करेंगे। फिलहाल वाहन सवार अशोक राजपथ पर लगने वाले जाम से बचने के लिए जेपी गंगा पथ होकर पीएमसीएच परिसर में प्रवेश कर महेंद्रू एवं आगे का रास्ता तय करते हैं।

यहां चल रहे निर्माण कार्य के कारण यह सड़क काफी संकरी हो गई है। सर्जिकल इमरजेंसी एवं राजेंद्र सर्जिकल ब्लॉक के पास जाम होने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। हाल में वरीय पदाधिकारियों ने इस इलाके का निरीक्षण किया था, जिसके बाद बाहरी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्देश जारी किया गया है।

ओपीडी मरीजों के पुराने पर्चे एवं अन्य साक्ष्य की हो सकती है जांच

अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक एंबुलेंस एवं अन्य वाहनों से आने वाले गंभीर मरीज एवं ओपीडी मरीजों को जेपी गंगा पथ से पीएमसीएच में आने की अनुमति रहेगी। वे यहां 24 घंटे आना-जाना कर सकेंगे। वैसे, ओपीडी मरीजों के पुराने पर्चे या अन्य साक्ष्य गार्ड देख सकते हैं। इतना ही नहीं अस्पताल के कर्मचारी और डॉक्टर के वाहन भी प्रवेश कर पाएंगे।

कम समय एवं सुगमता से पहुंच जाते थे लोग

जेपी गंगा पथ बनने के बाद दानापुर से दीदारगंज मुख्य सड़क पर वाहनों का दबाव काफी कम हो गया था। बहुत हद तक इस रूट पर लगने वाला जाम समाप्त हो चुका है। कारण है दीघा से पीएमसीएच तक वाहन सवार बिना जाम में फंसे जेपी गंगा पथ के माध्यम से आवागमन कर ले रहे हैं। इस मार्ग पर जाम नहीं होने एवं अच्छी सड़क होने की वजह से बेहद कम समय में लोग दीघा से पीएमसीएच तक पहुंच जाते थे। जबकि अब वाहन सवारों को जेपी गंगा पथ से गोलघर के पास निकलना होगा। इसके बाद अशोक राजपथ होते हुए गाड़ियां आगे बढ़ेंगी। हालांकि अशोक राजपथ पर वाहनों को जाम का सामना अब और करना होगा। इस मार्ग पर मेट्रो निर्माण का काम चल रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article