Patna News: शहर में जाम बड़ी समस्या बन चुकी है। कई बार जाम के कारण लोगों के बेहद जरूरी काम बिगड़ जाते हैं। मरीजों को अस्पताल पहुंचने तक में परेशानी होती है। इन समस्याओं को देखते हुए पटना पुलिस अच्छी पहल शुरू कर रही है। अब पुलिस फेसबुक, ट्विटर एवं अन्य कुछ माध्यमों से लोगों को जाम की जानकारी देगी। पुलिस बताएगी की किन-किन रास्तों पर जाम लगा है। इन रास्तों की जगह वैकल्पिक रास्ते भी बताए जाएंगे। दरअसल, पुलिस मुख्यालय के एडीजी जितेंद्र सिंह गंगवार ने एक हफ्ते में नई व्यवस्था शुरू करने के लिए कहा है।
अधिकारी के मुताबिक पहले चरण में ट्रैफिक पुलिस द्वारा सुबह और शाम पिक आवर में विभिन्न मार्गों पर जाम की जानकारी दी जानी है। सुबह नौ बजे से सुबह 11 बजे तक और शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक ट्रैफिक का लाइव अपडेट दिया जाएगा। जरूरत के मुताबिक यह अवधि बढ़ाई भी जाएगी। पटना में यह योजना सफल हुई तो सूबे के अन्य शहरों में भी इसे लागू किया जाएगा।
