Patna News: सूबे के अलग-अलग जिलों में जाने वाली एवं अंतरराज्यीय सरकारी बसें अब बैरिया बस स्टैंड से चलेंगी। मार्च से इसकी शुरुआत हो जाएगी। फिलहाल गांधी मैदान स्थित बांकीपुर डिपो से सरकारी बसें परिचालित की जा रहीं हैं। परिवहन विभाग का कहना है कि बुडको से बैरिया बस स्टैंड में जगह उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। उक्त स्टैंड से हर दिन 300 बसों का परिचालन किया जाएगा। फिर वहीं पास में पांच एकड़ जमीन पर सरकारी बसों के लिए स्टैंड बनाया जाना है।
निगर विकास विभाग से उसके लिए जमीन की मांग की गई है। डीएम को भी पत्र लिखा गया है। वहीं, गांधी मैदान से परिचालित होने वाली सिटी बसें अगले महीने फुलवारी शरीफ बस स्टैंड में शिफ्ट कर दी जाएंगी। फुलवारी शरीफ में 200 बसें खड़ी करने की जगह है। वहां वर्कशॉप भी बना हुआ है।
