Bihar Crime News: बिहार में मुजफ्फरपुर में एक महिला को मॉर्फ्ड इमेजेस के जरिए ब्लैकमेल किया गया। महिला ने ब्लैकमेल करने वाले शख्स को अपनी इज्जत की खातिर 10 लाख रुपये दे भी दिए। लेकिन ब्लैकमेलर उसे लगातार परेशान कर रहा था। महिला ने उसके खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज करवाई है।
बात 2023 की है, जब महिला इलाज के लिए हाजीपुर गई थी। यहां पर महिला की मुलाकात सुनील कुमार नाम के एक कंपाउंडर से हुई, जिसने बाद में उसकी फेसबुक और इंस्टाग्राम तस्वीरें डाउनलोड कर उन्हें अश्लील रूप में एडिट कर दिया, यानी मॉर्फ्ड इमेजेस बना डालीं।
सुनील ने महिला को फोन कर ब्लैकमेल करना शुरू किया। पहले उसने 5 लाख रुपये की मांग की और धमकी दी कि अगर पैसे नहीं मिले, तो वह महिला की अश्लील तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। डर और सामाजिक बदनामी के चलते महिला ने अपनी इज्जत बचाने की खातिर मजबूर होकर पैसे दिए। ब्लैकमेलर ने महिला से धीरे-धीरे 10 लाख रुपये तक वसूल लिए।
इतना ही नहीं, ब्लैकमेलर सुनील ने अपनी पत्नी को भी महिला के घर भेजा, जिससे और पैसे वसूले जा सकें। मानसिक तनाव से जूझती पीड़ित महिला ने आखिरकार मुजफ्फरपुर साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने सुनील और उसके चार साथियों के खिलाफ सबूत सहित रिपोर्ट दी है।
