पटना

चिराग पासवान की हुंकार; बिहार को 'फर्स्ट' बनाने का संकल्प, लड़ेंगे सभी 243 सीटों पर चुनाव

लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने विधानसभा चुनाव में सभी 243 सीटों पर उतरने की घोषणा की। आरा में आयोजित नव संकल्प महासभा में उन्होंने "बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट" का संदेश दिया और जनता से समर्थन की अपील की। उन्होंने विपक्ष पर उनकी पार्टी को कमजोर करने की साजिश रचने का आरोप भी लगाया।

Image

चिराग पासवान आज नव-संकल्प महासभा में

Photo : Times Now Digital

लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने आज आरा के वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में आयोजित नव संकल्प महासभा में विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वह सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे और बिहार को "फर्स्ट" बनाने के साथ-साथ बिहारवासियों के हितों को प्राथमिकता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि वह स्वयं किस सीट से चुनाव लड़ेंगे और इस निर्णय को पूरी तरह जनता पर छोड़ दिया। उनका कहना था कि जनता का निर्णय सर्वोपरि है, क्योंकि जब उनके अपने ही उन्हें घर से बाहर करने का प्रयास कर रहे थे, तब जनता ने ही उनका साथ दिया। चिराग ने "बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट" के नारे को हर घर तक पहुंचाने की अपील की और विपक्ष पर आरोप लगाया कि उनके पिता, रामविलास पासवान के निधन के बाद उनकी पार्टी को खत्म करने की साजिश रची गई।

उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों पर उन्हें पिता की तरह पालने की जिम्मेदारी थी, उन्होंने उन्हें घर से निकाल दिया। चिराग ने अपने समर्थकों को याद दिलाया कि वह शेर के बेटे हैं और जब तक बिहार को विकसित राज्य नहीं बना देते, तब तक वह चैन की सांस नहीं लेंगे। उनकी रैली में भारी भीड़ जुटी थी, जो उनके नेतृत्व और चुनावी अभियान के प्रति उत्साह को दर्शाती है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article