बिहार से दिल्ली-एनसीआर की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक नई हवाई सेवा शुरू होने जा रही है। इंडिगो एयरलाइंस 20 जुलाई से पटना से गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट के लिए नई उड़ान सेवा शुरू करने जा रही है। यह फ्लाइट प्रतिदिन संचालित होगी और इसकी बुकिंग पहले ही शुरू हो चुकी है।
जानकारी के मुताबिक, पटना से गाजियाबाद की उड़ान का प्रारंभिक किराया 4700 रुपये और गाजियाबाद से पटना का किराया 4145 रुपये तय किया गया है। फ्लाइट में 180 इकोनॉमी क्लास की सीटें होंगी और कुल यात्रा समय लगभग डेढ़ घंटे होगा।
इस सेवा के शुरू होने से बिहार के यात्रियों को गाजियाबाद, मेरठ और नोएडा जैसे शहरों तक तेज़ और सुविधाजनक पहुंच मिलेगी, जिससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि यात्रा भी आसान हो जाएगी। यह फ्लाइट उत्तरी और पूर्वी दिल्ली के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों के लिए भी बेहतर कनेक्टिविटी का विकल्प बनेगी।
गौरतलब है कि गाजियाबाद स्थित हिंडन एयरपोर्ट की शुरुआत 2019 में हुई थी। इसकी नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ जैसे प्रमुख शहरों से निकटता इसे खास बनाती है, खासकर बिहार के उन यात्रियों के लिए, जो इन क्षेत्रों में काम करते हैं या यहां बसे हुए हैं।
