पटना

Phulwari Transport Bhawan: मार्च से फुलवारी परिवहन भवन से चलेंगी सरकारी बसें, सभी कार्यालय भी होंगे शिफ्ट

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 10, 2023, 02:12 PM IST

Patna News: राजधानी में अब परिवहन से जुड़े सभी काम के लिए फुलवारी जाना होगा। यहां परिवहन भवन बनकर तैयार हो चुका है। यहीं से सरकारी सिटी बसें भी चलेंगी। भवन का उद्घाटन दूसरे हफ्ते के बाद होने की संभावना है। भवन का निर्माण करोड़ों रुपए से किया गया है। पिछले साल सितंबर में ही भवन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका था। फिनिशिंग एवं उपकरण आदि लगाने में समय लगा। अब यह भवन बिल्कुल सुसज्जित हो चुका है।

Image

फुलवारी में बने परिवहन भवन का निरीक्षण करते अधिकारी (फाइल फोटो)

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • 15 फरवरी के बाद हो सकता है उद्घाटन
  • डीटीओ, आरटीओ, बस डिपो, वर्कशॉप समेत सभी कार्यालय होंगे यहां
  • बिस्कोमान भवन की जगह अब यहीं बनेगा डीएल, आरसी एवं वाहन संबंधी अन्य कागजात


Phulwari Transport Bhawan Inauguration: फुलवारी जेल के पास स्थित नए परिवहन भवन से मार्च से सरकारी सिटी बसें चलाई जाएंगी। परिवहन निगम के क्षेत्रीय कार्यालय को बांकीपुर बस डिपो से फुलवारी शिफ्ट किया जाना है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा इस भवन का उद्घाटन 15 फरवरी के बाद किया जा सकता है। इस भवन में पटना डीटीओ, आरटीओ, बस डिपो, वर्कशॉप समेत परिवहन विभाग के सभी कार्यालय संचालित होंगे। ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी एवं वाहन संबंधी अन्य कार्यों के लिए लोगों को बिस्कोमान भवन नहीं जाना होगा। अब फुलवारी स्थित परिवहन भवन से ही सब कुछ संचालित किया जाएगा।

दरअसल, परिवहन निगम ने अपने सभी कार्यालयों को एक जगह लाने के लिए 164.31 करोड़ रुपए से 85793.36 वर्गमीटर में 12 भवन बनवाया है। 20 प्रतिशत जमीन हरित क्षेत्र के रूप में विकसित होगा। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के मुख्यालय भवन के साथ परिवहन निगम का क्षेत्रीय कार्यालय है। इस परिसर में ही निगम की केंद्रीय कर्मशाला, केंद्रीय भंडार एवं प्रतिष्ठान कर्मशाला संचालित हो रहा है। नगर सेवा की बसों के लिए अलग से 58.39 वर्गमीटर में नया टर्मिनल है। 1096 वर्गमीटर में 200 बसों के लिए नया बस स्टैंड है।

बांकीपुर डिपो से ही खुलेंगी दूसरे जिलों की बसें

अभी परिवहन निगम की अन्य जिलों एवं राज्यों में जाने वाली बसें फुलवारी डिपो नहीं जाएंगी। इनका परिचालन बांकीपुर बस डिपो से ही किया जाएगा। सरकारी बसों के लिए निगम ने बैरिया बस टर्मिनल में जगह की मांग की है। अगर, जगह मिल गई तो बस टर्मिनल में बसों को शिफ्ट किया जाएगा। कुछ बसें फुलवारी बस डिपो में शिफ्ट होंगी। पूरब और पश्चिम दिशा में खुलने वाली बसों को फुलवारी से चलाया जा सकता है।

कन्हौली में भी बनना है बस स्टैंड

बिहटा के कन्हौली में भी बस स्टैंड बनाया जाना है। इसके लिए जमीन चिह्नित हो चुकी है। बहुत जल्द निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा। यहां से पटना से दूसरे जिलों के लिए बसें खुलेंगी। इससे पटना का अन्य जिलों में आवागमन आसान होने के साथ शहर के अंदर जाम की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी। शहर के बाहर से ही बसें दूसरे जिलों के लिए रवाना हो जाएंगी। अभी शहर के अंदर से बसों के गुजरने के कारण बाइपास पर जाम लगता है। इसकी वजह से शहर के अंदर की भी ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा जाती है।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article