पटना

बिहार के गया में डिप्टी मेयर का हाल, सड़क किनारे सब्जी बेचने को मजबूर; रिकॉर्ड मतों से हुई थी विजयी

Gaya Deputy Mayor: पिछले नगर निगम चुनाव में चिंता देवी डिप्टी मेयर पद का चुनाव लड़ी थी, जनता ने उन्हें रिकॉर्ड मतों से विजयी बनाया। इससे पहले वे 40वर्षों तक गया नगर निगम में एक सफाई कर्मी के रूप में कार्यरत थी।

Image

सब्जी बेचते हुए गया की डिप्टी मेयर चिंता देवी

KEY HIGHLIGHTS
  • गया की डिप्टी मेयर का हाल
  • सड़क किनारे सब्जी बेचने को मजबूर
  • नगर निगम पर लगाए आरोप

Gaya Deputy Mayor: शहर की डिप्टी मेयर अगर सड़क के किनारे सब्जी बेचती नजर आए तो इसे आप क्या कहेंगे? लेकिन, ऐसा ही नजारा सोमवार को बिहार के ऐतिहासिक और पौराणिक शहर गया में देखने को मिला, जहां गया नगर निगम की डिप्टी मेयर चिंता देवी सब्जी बेचती नजर आईं। शहर के केदारनाथ मार्केट के समीप डिप्टी मेयर चिंता देवी सड़क किनारे सब्जी बेच रही हैं। यह नजारा देखकर लोग हैरान रह गए और दिनभर यह चर्चा का विषय बना रहा।

क्यों बेच रही है डिप्टी मेयर सब्जी

दरअसल, चिंता देवी ने नगर निगम की व्यवस्था के विरोध में यह रास्ता अख्तियार किया। चिंता देवी उपेक्षा से आहत हैं। उनका कहना है कि उन्हें कोई तरजीह नहीं मिलती है। डिप्टी मेयर बनने से कुछ नहीं होता है। कुर्सी संभाल लूं और पैसा ही नहीं मिले, तो घर का खर्च कैसे चलेगा? इसीलिए, यहां बैठकर सब्जी बेच रही हूं।

कई दिनों से बेच रही सब्जी

लगातार उपेक्षा से नाराज डिप्टी मेयर कहती हैं कि उन्हें मीटिंग की कोई जानकारी नहीं दी जाती है। उन्होंने दावा किया कि पिछले कई दिनों से वे सब्जी बेच रही हैं। उन्होंने कहा कि अपना कमाते हैं और खाते हैं, किसी से कर्ज तो नहीं लेते। उन्होंने कहा कि बार-बार उनकी मौजूदगी को नजरअंदाज किया गया, जिसके कारण उन्हें इस तरह सब्जी बेचने पर मजबूर होना पड़ा। अगर डिप्टी मेयर होने के बावजूद उन्हें सम्मान नहीं मिलता तो उनके पद का क्या महत्व है।

रिकॉर्ड मतों से मिली थी जीत

गौरतलब है कि पिछले नगर निगम चुनाव में चिंता देवी डिप्टी मेयर पद का चुनाव लड़ी थी, जनता ने उन्हें रिकॉर्ड मतों से विजयी बनाया। इससे पहले वे 40वर्षों तक गया नगर निगम में एक सफाई कर्मी के रूप में कार्यरत थी। सफाई कर्मी से डिप्टी मेयर बनने पर लोगों ने उन्हें बहुत बधाई दी थी। उन्हें भी लगा था कि शायद जीवन सुधर जाएगा, लेकिन सब कुछ उल्टा होता नजर आ रहा है।

IANS की रिपोर्ट

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article