पटना

Crime: पटना में अपराधी काबू से बाहर, राजद नेता को घात लगाकर मारी गोली; मौत

बिहार की राजधानी पटना में बुधवार रात एक बार फिर सनसनीखेज वारदात हुई। अपराधियों ने एक राजद नेता की गोली मारकर हत्या कर दी। राजनीतिक रूप से सक्रिय और आगामी चुनाव की तैयारी में जुटे नेता की हत्या को लेकर पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है, जबकि इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Image

घटनास्थल पर मौजूद पुलिस, इनसेट में मृतक राजकुमार

Photo : Times Now Digital

RJD Leader Murder: पटना के राजेंद्र नगर टर्मिनल इलाके के चित्रगुप्त नगर थाना अंतर्गत गली नंबर 17 में बुधवार रात करीब 10 बजे एक राजद नेता को अपराधियों ने गोली मार दी। घायल व्यक्ति की पहचान राजकुमार राय उर्फ आला राय के रूप में हुई है, जो वैशाली जिले के राघोपुर के निवासी थे। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। राजकुमार राय राजनीति और जमीन के व्यवसाय से जुड़े हुए थे।

घात लगाकर हुआ हमला

पुलिस के अनुसार, घटना स्थल पर लगभग 5 से 6 राउंड गोलियां चलाई गईं। राजकुमार चित्रगुप्त नगर रोड नंबर 17 में रहते थे। बताया जा रहा है कि देर रात को वे कहीं से अपनी कार से लौट रहे थे तभी पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। खुद को बचाने के लिए वे पास के एक दुकान में घुस गए। अपराधियों की संख्या दो बताई जा रही है। हमले के बाद घायल अवस्था में राजकुमार राय को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस कर रही है जांच

अपराधियों ने वहां पहुंचकर उन्हें गोली मार दी और पैदल ही फरार हो गए। पटना पूर्वी के नगर पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। आसपास लगे CCTV फुटेज का अवलोकन किया जा रहा है एवं FSL टीम भी घटनास्थल की जांच कर रही है।इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि अपराधियों का पता लगाया जा सके।

CCTV में दिख रहा हमलावर

पटना ईस्ट के SP परिचय कुमार ने बताया कि CCTV फुटेज में एक आरोपी स्पष्ट रूप से नजर आ रहा है, हालांकि इस मामले में और भी अपराधी शामिल हो सकते हैं। SP ने कहा कि राजकुमार राय राजनीतिक रूप से सक्रिय थे और जमीन की खरीद-बिक्री का भी काम करते थे, इसलिए इस मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। पुलिस पूरी टीम के साथ इस घटना की गहन छानबीन में जुटी हुई है।

इस बार भी चुनाव लड़ने वाले थे

बता दें कि वैशाली जिले के राघोपुर के रामपुर श्यामचंद के रहने वाले राजकुमार उर्फ आला यादव पंचायती राज प्रकोष्ठ राजद के वैशाली जिलाध्यक्ष थे। पहले वह राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ चुके थे। समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक वे इस बार भी वह राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय लड़ने की तैयारी में थे।

Saket kumar
साकेत कुमारauthor

साकेत कुमार के पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 18 वर्षों का लंबा अनुभव है। वर्तमान में वह Times Now Navbharat के पटना ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं और बिहार की राजनीति, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों और ग्राउंड रिपोर्टिंग में गहरी पकड़ रखते हैं। उन्होंने अपने करियर के दौरान कई महत्वपूर्ण खबरों को कवर किया है और निष्पक्ष, तथ्यपरक और सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। साकेट की रिपोर्टिंग में जमीनी हकीकत, गहन रिसर्च और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने की प्रतिबद्धता साफ दिखाई देती है।

और पढ़ें
End of Article