बिहार के मधेपुरा जिले में अपराधियों ने एक सनसनीखेज डबल मर्डर की वारदात को अंजाम दिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। मुरलीगंज प्रखंड के रजनी पंचायत वार्ड संख्या 14 स्थित दमगारा टोला प्रसादी चौक के पास सब्जी विक्रेता दिनेश दास (50) और उनकी पत्नी भलिया देवी (45) की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह दिल दहला देने वाली घटना बुधवार रात की है, जिसकी जानकारी ग्रामीणों को गुरुवार रात करीब नौ बजे मिली।
हत्या के पीछे प्राथमिक कारण जमीनी विवाद माना जा रहा है। घटना के विरोध में शुक्रवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने एसएच-91 सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया और उच्चस्तरीय जांच, फोरेंसिक टीम तथा डॉग स्क्वायड भेजे जाने की मांग की। पीड़ित परिजनों ने हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला जमीनी विवाद का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पीड़ित पक्ष की ओर से आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दोहरे हत्याकांड ने क्षेत्र में भय, तनाव और चर्चाओं का माहौल पैदा कर दिया है। लोग अपराधियों की गिरफ्तारी और न्याय की मांग कर रहे हैं।
