Bihar Weather Today: बिहार में मानसून की तीसरी पारी चल रही है। इस दौरान अच्छी बारिश होने की उम्मीद की जा रही है। बिहार के कुछ जिलों में भारी बारिश हो रही है तो वहीं कुछ जिलों में बूंदाबांदी और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कहीं लोगों को गर्मी सता रही है तो वहीं कई स्थानों पर हो रही बारिश से लोगों के चेहरे खिले हुए हैं। भारी बारिश के कारण गंगा, कोसी और बागमती नदियां उफान पर हैं। बता दें कि पिछले दिनों उत्तर बिहार में मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की गई। वहीं दक्षिण बिहार में अभी भी बारिश की कमी हैं। यहां लोग अच्छी बारिश होने का इंतजार कर रहे हैं। मौसम विभाग ने बताया कि आज मानसून के सक्रिय होने से अगले तीन दिन तक झमाझम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए कई जिलों में येलो अलर्ट भी जारी किया है। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी और तापमान में भी कमी आएगी। आइए आपको बताएं कैसा रहेगा आज मौसम का हाल -
बिहार के चार जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बिहार के चार जिले अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और रोहतास में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 41 से 61 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवाओं के साथ बारिश होने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी और तापमान में भी कमी आएगी।
इन जिलों में बिजली गिरने की आशंका
मौसम विभाग ने बिहार के 26 जिलों में बिजली गिरने की संभावना जताई है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, बक्सर, कैमूर, रोहतास, भोजपुर, पटना, अरवल, नवादा, नालंदा, जहानाबाद, औरंगाबाद, गया, शेखपुरा, बेगूसराय, लखीसराय, जमुई, बांका, मुंगेर, खगड़िया, भागलपुर, सुपौल, मधेपुरा, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, कटिहार और सहरसा में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई है।
आगामी दिनों में कैसा रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग ने बताया कि 11 अगस्त तक बिहार के कई जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। विभाग के अनुसार, कल यानी 10 अगस्त को गोपालगंज, सारण, भोजपुर, बक्सर, पटना, सिवान, रोहतास, अरवल, जाहानाबाद, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, बांका, भागलपुर, खगड़िया, बेगूसराय और मुंगेर में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका है। इस बीच कैमूर और औरंगाबाद में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 11 अगस्त को सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, समस्तीपुर, मधेपुरा, वैशाली, सहरसा, पटना, नालंदा, नवादा, गया, जहानाबाद, शेखपुरा, लखीसराय बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया और बेगूसराय में हल्की बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है।
