Bihar Ka Mausam (बिहार का मौसम) 19-September-2025: बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता बनी हुई है। इसी कारण राज्य में आज, शुक्रवार और शनिवार को कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आज प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम वर्षा हो सकती है, जबकि कुछ जिलों में बूंदाबांदी और बादल छाए रहने के आसार हैं।
पांच जिलों को छोड़कर पूरे राज्य में अलर्ट
पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, सारण और भोजपुर जिलों के लिए भारी वर्षा के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि दक्षिण बिहार में मानसून की सक्रियता और अधिक देखने को मिल सकती है। यहां तेज बारिश के साथ बिजली चमकने और मेघ गर्जन का पूर्वानुमान है। देर रात से ही इस क्षेत्र में इसका असर दिखना शुरू हो गया है। जमुई, बांका, मुंगेर, खगड़िया और भागलपुर को छोड़कर पूरे राज्य में आज येलो अलर्ट है।
पटना समेत कई जिलों में सुबह से बादल
गुरुवार की देर रात मौसम विभाग ने कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया और किशनगंज जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया था। इसके बाद इन जिलों में बारिश भी दर्ज की गई। वहीं, पटना सहित दक्षिण बिहार के अन्य जिलों में सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं।
24 घंटे में कहां कितनी हुई बारिश
गुरुवार को जारी मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटे में पांच जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। इनमें सुपौल सबसे आगे रहा, जहां 123.4 मिलीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा सीतामढ़ी में 118.6, पश्चिम चंपारण में 79.4, मधुबनी में 77.4 और बेगूसराय में 75.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
सीवान (62 मिमी), पूर्णिया (60 मिमी), पटना के मनेर (59.4 मिमी), दरभंगा (50 मिमी), अररिया (42.6 मिमी), पूर्वी चंपारण (38.2 मिमी), किशनगंज (37.2 मिमी), सहरसा (34.6 मिमी) और गया (32.2 मिमी) में मध्यम स्तर की बारिश हुई।
तापमान में हल्की बढ़ोतरी
बारिश के बावजूद राज्य के तापमान में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। पटना में अधिकतम तापमान 1.3 डिग्री की वृद्धि के साथ 31.9 डिग्री सेल्सियस रहा। नालंदा के राजगीर में सबसे अधिक 33.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि अररिया के फारबिसगंज में न्यूनतम 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य के अधिकतर जिलों में पारा 31 से 32 डिग्री के बीच बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार को तापमान में किसी विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।
