पटना

Bihar News: ये कैसा SIR, जिंदा शख्स को मृत बताकर नाम काट दिया, व्यक्ति की सुप्रीम कोर्ट से गुहार - मैं जिंदा हूं मिलॉर्ड...

विधानसभा चुनाव से पहले बिहार में SIR में गड़बड़ियों को लेकर विपक्ष लगातार हमलावर है। आरा के मिंटू पासवान सहित कई जिंदा लोगों को मृत घोषित कर, मतदाता सूची से उनका नाम हटा दिया गया। इस संबंध में पीड़ितों ने अब सुप्रीम कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई है।

Image

जिंदा व्यक्ति को मृत बताकर मतदाता सूची से नाम काटा (फोटो - SCI.GOV)

बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव तारीखों की घोषणा भी सितंबर या अक्टूबर में हो सकती है। इससे पहले निर्वाचन आयोग द्वारा शुरू किए गए विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (SIR) पर विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा। विपक्ष ने इस प्रक्रिया में गंभीर गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए इसे सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा दिया है। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट से भी SIR पर रोक लगाने की बात नहीं कही गई है।

इधर बिहार में भोजपुर जिले के आरा विधानसभा क्षेत्र के मतदाता मिंटू पासवान ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की है। उनका कहना है कि उन्हें मतदाता सूची में गलत तरीके से मृत घोषित करके उनका नाम सूची से हटा दिया गया। 41 वर्षीय मिंटू का आरोप है कि रिव्यू के दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) उनके घर सत्यापन के लिए नहीं आए। शिकायत करने पर BLO ने 10 दिन बाद संपर्क किया और नाम जोड़ने के लिए कई दस्तावेज मांगे।

मिंटू के साथ-साथ उनके वार्ड के कई अन्य जिंदा लोगों को भी मृत घोषित कर उनके नाम हटाए गए हैं। इनमें 69 वर्षीय फुलझारो देवी, 64 वर्षीय शंकर चौहान, 73 वर्षीय मदन चौहान और 34 वर्षीय सुधा देवी शामिल हैं। सभी पीड़ितों ने दावा-आपत्ति दर्ज कर ली गई है। यह मामला मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर गहरे सवाल खड़े कर रहा है, जिससे विपक्ष के संदेह को और बढ़ावा मिल रहा है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article