Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 5 July 2025: बिहार में मॉनसून की सक्रियता अब धीमी पड़ने लगी है, जिसके कारण बारिश की गतिविधियों में गिरावट देखी जा रही है और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रदेश में अधिकतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया है, जिसमें गोपालगंज में सबसे अधिक 37.8°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 25.6°C पूसा में दर्ज किया गया। इसी बीच शुक्रवार शाम पटना में अचानक बारिश शुरू हुई, जो देर रात तक सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, किशनगंज, सुपौल सहित कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ जारी रही।
मौसम विभाग के अनुसार, आज शनिवार को भी पटना, गया, जहानाबाद सहित दक्षिण बिहार के सभी 19 जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 8 जुलाई से बारिश की गतिविधियां और अधिक कमजोर पड़ जाएंगी, जिससे उमस में इजाफा होगा। आज से तापमान में और वृद्धि शुरू हो गई है। कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। उत्तर बिहार के मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, पश्चिम चंपारण सहित सभी 19 जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है, हालांकि इन इलाकों में कोई वेदर अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
इन जिलों में रहेगा अलर्ट
शनिवार सुबह से पटना समेत दक्षिण बिहार के 19 जिलों में बादल छाए हुए हैं। IMD पटना की वेदर रिपोर्ट के मुताबिक, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, पटना, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, गया, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की आशंका जताई गई है, जिसको देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार में तापमान का हाल
बिहार के प्रमुख शहरों में मौसम का हाल कुछ इस प्रकार रहा जहां पटना में अधिकतम तापमान 35.5°C और न्यूनतम 27.8°C दर्ज किया गया, और आर्द्रता 61% रही। मुजफ्फरपुर में तापमान 34.8°C/28.0°C और आर्द्रता 47% रही। गया में अधिकतम तापमान 34.4°C और न्यूनतम 25.8°C रिकॉर्ड किया गया, जबकि आर्द्रता 62% मापी गई। पूर्णिया में मौसम अपेक्षाकृत कम आर्द्र रहा, जहां तापमान 34.6°C/27.3°C और आर्द्रता केवल 35% रही। भागलपुर में तापमान 33.7°C/27.2°C और आर्द्रता 55% देखी गई। कुल मिलाकर, राज्य में अभी भी मौसम गर्म और उमस से भरा हुआ बना है।
