गोपालगंज में दो भाइयों पर चाकू से वार
Bihar Crime: बिहार के गोपालगंज जिले में शादी के समारोह में शरीक होने जा रहे दो भाइयों पर कुछ बदमाशों द्वारा चाकू से हमला किया गया। इस घटना में एक की मौत हो गई है, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गुस्साए ग्रामीण आरोपियों के घर पर हमले के निकले, जिन्हें पुलिस ने समय रहते रोका। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार की रात कटेया थाना क्षेत्र के मुजहा गांव निवासी सिकंदर गोंड और धर्मेंद्र गोंड दोनों भाई बिगू पटेल के घर आई बारात में शामिल होने के लिए जा रहे थे। रास्ते में दोनों भाइयों पर गांव के ही कुछ लोगों ने चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक युवक की पहचान सिकंदर गोंड के रूप में की गई है।
ये भी पढ़े - Prayagraj Fire: परेड ग्राउंड में टेंट हाउस के स्टोर में लगी भीषण आग, आसमान में दिखा काले धुएं का गुबार
इस घटना के बाद मृतक परिवारों का आरोप है कि चाकू मारने के बाद दोनों को मरा समझकर हमलावर फरार हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल लेकर गई, जहां सिकंदर गोंड की मौत हो गई, जबकि धर्मेंद्र गोंड को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मृतक के परिजनों के मुताबिक, पूर्व से विवाद को लेकर इन युवकों से झगड़ा चल रहा था। साजिश के तहत रास्ते में घेरकर घटना को अंजाम दिया गया। इस घटना में गांव के ही टाइगर अंसारी, शम्भू अंसारी, रफीक अंसारी, शालीमार अंसारी को आरोपी बताया जा रहा है।
शनिवार को गांव में शव पहुंचने के बाद गांव के लोगों में आक्रोश उत्पन्न हो गया और ग्रामीण आरोपियों के घरों पर हमले के इरादे से निकल गए। हालांकि पुलिस ने इन्हें रोक दिया। हथुआ के एसडीपीओ आनंद मोहन ने बताया कि इस घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि गांव में पुलिस बल की मौजूदगी है।
(इनपुट - आईएएनएस)