Prayagraj Fire: उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के महाकुंभ क्षेत्र में भीषण आग लगने की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, आग परेड ग्राउंड स्थित लल्लू जी टेंट हाउस के स्टोर रूम में लगी है। आग का भयावह रूप देख पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। यहां लगी आग इतनी भीषण है कि दूर से लपटों को निकलते हुए देखा जा सकता है। पूरे आसमान में काले धुएं का गुबार छाया हुआ है। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। आग लगने की वजह अभी साफ नहीं है, लेकिन इस हादसे में जनहानि की अभी तक कोई खबर नहीं मिली है। बताया जा रहा है कि जिस लल्लू जी टेंट हाउस कंपनी के स्टोर रूम में आग लगी है वह बांस बल्ली व टेंट सप्लाई का काम करते हैं।
प्रयागराज के संगम क्षेत्र (महाकुंभ क्षेत्र) में लगी आग अभी भी धधक रही है। आग पर काबू पाने की लगातार कोशिश की जा रही है। लेकिन यहां लगी आग इतनी भीषण है कि इस काबू में करना दमकल टीम के लिए भी मुश्किल होता जा रहा है। स्थिति को देखते हुए आसपास के जिलों से भी फायर ब्रिगेड कि गाड़ियां बुलाइ गई हैं। बांस और बल्लियों के कारण लगातार आग बढ़ रही है। इस घटना पर अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट किया है। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा कि "प्रयागराज में संगम क्षेत्र में लगी आग को गंभीरता से लिया जाए और हर संभव बचाव, राहत और सहायता का तत्काल प्रबंध हो।"
आग बुझाने के लिए सेना भी मौके पर मौजूद
टेंट कंपनी के गोदाम में लगी भीषण आग लगातार बढ़ती ही जा रही है। फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम के साथ आग बुझाने के लिए अब सेना की भी मदद ली गई है। प्रतापगढ़ और कौशांबी जिले के फायर टेंडर भी मौके पर बुलाए गए हैं। जानकारी के अनुसार, घटनास्थल पर 25 फायर टेंडर मौजूद है। इसके साथ ही सेना के भी 4 फायर टेंडर आग बुझाने में सहायता कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि गोदाम में रखा सूखा सामान और बांस की बल्लियों के कारण आग तेजी से फैलती जा रही है और एक विकराल रूप ले चुकी है। आग को और फैलने से रोकने के लिए आसपास रखा सूखा सामान और बांस की बल्लियों को हटाने के लिए मजदूर काम कर रहे हैं और जेसीबी मशीन की सहायता भी ली जा रही है।
