बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election) को लेकर सुगबुगाहट तो काफी समय से तेज हो चली है। साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर दोनों गठबंधनों NDA और INDIA की पार्टियों में सीट शेयरिंग के मुद्दे पर बातचीत चल रही है। इस बीच सूत्रों के हवाले से खबर है कि सत्तारूढ़ NDA में सीट शेयरिंग के मुद्दे पर सहमति बन गई है।
सूत्रों के मुताबिक बिहार की 243 सीटों में से JDU कुल 102-103 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। वहीं सहयोगी BJP को 101-102 सीटें मिल सकती हैं, जबकि LJP (रामविलास) 25-28 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। जीतन राम मांझी की HAM को गठबंधन की तरफ से 6-7 सीटों पर चुनाव लड़ाया जा सकता है, जबकि RLM 4-5 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है।
LJP (रामविलास) के नेता चिराग पासवान ने सीटों को लेकर काफी कड़ा रुख अपनाया हुआ था। चिराग के करीबी नेताओं के अनुसार उन्होंने अपनी पार्टी के लिए कम से कम 40 सीटों की मांग की थी। हालांकि, सूत्रों के अनुसार जो आंकड़ा आ रहा है, उसके अनुसार चिराग को 25-28 सीटों पर ही संतोष करना पड़ेगा।
उधर JDU से अलग होकर नई पार्टी बनाने वाले जीतन राम मांझी भी अपनी पार्टी HAM के लिए सम्मानजनक सीटों की मांग कर रहे थे। हालांकि उन्होंने सीटों का आंकड़ा नहीं दिया था, फिर भी माना जा रहा था कि वह 10-12 सीटों पर मान जाएंगे। लेकिन सूत्रों के अनुसार जिस फॉर्मूले पर सहमति बनी है उसके अनुसार जीतन राम मांझी की पार्टी को 6-7 सीटें ही मिलेंगी।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की वरिष्ठ भाजपा नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ सीट शेयरिंग के मुद्दे पर बैठक हुई। सीट शेयरिंग के फॉर्मूले के साथ ही विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी दोनों नेताओं के बीच चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार NDA में सीट फार्मूले पर सहमति बन गई है और जल्द ही इसका ऐलान भी कर दिया जाएगा।
बात करें साल 2020 में हुए पिछले विधानसभा चुनावों की तो उस चुनाव में NDA ने कुल 243 में से 125 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। उस समय भाजपा को गठबंधन में सबसे ज्यादा 74 सीटें मिली थीं, जबकि जेडीयू को 43 सीटों पर जीत मिली थी। हम और वीआईपी पार्टियां 4-4 सीटों पर जीत हासिल करने में सफल रही थीं। हालांकि, इस बार वीआईपी इस गठबंधन का हिस्सा नहीं है और LJP को गठबंधन में जगह मिली है।
