पटना

नीतीश कुमार भ्रष्टाचार के भीष्म पितामह, डिप्टी सीएम के घर बनती है अपराध की योजना : तेजस्वी यादव

बिहार में भले ही विधानसभा चुनावों की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर चरम पर है। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें भ्रष्टाचार का प्रतीक बताया है। यही नहीं उन्होंने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।

Image

तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार को बताया भ्रष्टाचार का भीष्म पितामह

Photo : ANI

इस साल के अंत में बिहार में विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election 2025) होने तय हैं। अभी चुनावों की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन पक्ष-प्रतिपक्ष की तरफ से आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल पड़ा है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला करते हुए उन्हें भ्रष्टाचार का 'भीष्म पितामह' करार दिया।

तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार रिटायर्ड अफसरों के साथ मिलकर बिहार को लूट रहे हैं और आगामी विधानसभा चुनाव में जनता इसका बदला लेगी। तेजस्वी ने मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री पर अपराधियों को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया।

पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए RJD नेता ने कहा कि बिहार में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और एक भी दिन ऐसा नहीं होता जब राज्य में अपराध न हो। तेजस्वी ने कहा कि डिप्टी सीएम के घर से अपराध की योजना बनाई जा रही है और अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं।

उन्होंने हाल ही में पटना में हुई हत्या का उदाहरण देते हुए कहा कि बिहार में रोजाना हत्याएं हो रही हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। वोटर लिस्ट के स्पेशल इन्टेंसिव रिवीजन (SIR) के मुद्दे पर तेजस्वी ने कहा कि वह चुनाव आयोग के इस अभियान के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि इसके कार्यान्वयन के तरीके के खिलाफ हैं।

तेजस्वी ने सुप्रीम कोर्ट का आभार व्यक्त किया, जिसने आधार कार्ड को पहचान पत्र के रूप में स्वीकार किया है, जिससे वोटर बनने की प्रक्रिया में आसानी होगी। तेजस्वी ने इसे अपनी बड़ी जीत बताया और कहा कि SIR होना चाहिए, लेकिन प्रक्रिया में सुधार की आवश्यकता है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article