पटना

बिहार में गरजे MP के CM डॉ. मोहन यादव, बोले - पीएम मोदी के नेतृत्व में बदल रहा देश और बिहार

Bihar Assembly Election 2025: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बांका, भागलपुर और मधेपुरा में एनडीए उम्मीदवारों के लिए रैलियां कीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसानों की अनदेखी की, जबकि मोदी सरकार ने उन्हें सम्मान दिया। डॉ. यादव ने बिहार की विकास क्षमता की सराहना करते हुए एनडीए प्रत्याशियों को समर्थन देने की अपील की।

Image

MP के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बिहार में की चुनावी रैलियां

बिहार विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरों पर है। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होना है और इस बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन में तीन जिलों में रैलियां कीं। बांका की कटोरिया, भागलपुर की नाथनगर और मधेपुरा की आलमनगर विधानसभा क्षेत्र में डॉ. यादव ने जनसभाओं को संबोधित किया।

'कांग्रेस ने किसानों की अनदेखी की, मोदी सरकार में मिला सम्मान'

जनसभाओं को संबोधित करते हुए डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बिहार में पीएम मोदी के नेतृत्व में अद्भुत कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा, कांग्रेस सरकारों ने हमेशा किसानों की अनदेखी की, जबकि मोदी सरकार ने किसानों को सम्मान दिया। आज बिहार के 74 लाख किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ ले रहे हैं। उन्होंने कहा, 'हमारी बहनें आज आत्मनिर्भर बन रही हैं, उन्हें 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है। वे परिवार की ताकत हैं और उनके बल पर समाज आगे बढ़ रहा है।'

'पूरनमासी के चांद से पूरन लाल'

बांका की कटोरिया में एनडीए उम्मीदवार पूरन लाल के समर्थन में उन्होंने कहा, 'पूरन लाल पूरनमासी का चांद हैं, आप सबके भरोसे मैं इन्हें विजय की माला पहनाता हूं।' इसी तरह भागलपुर के नाथनगर से मिथुन यादव और मधेपुरा के आलमनगर से नरेंद्र नारायण के समर्थन में भी उन्होंने जनता से वोट देने की अपील की।

डॉ. यादव ने कहा कि बिहार के अंदर विकास की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा, 'भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो हर वर्ग को आगे बढ़ने का मौका देती है। मैं खुद एक किसान परिवार से हूं, न विधायक था, न सांसद, लेकिन भाजपा ने मुझे मुख्यमंत्री बनाया। यह पार्टी जातिवाद से ऊपर उठकर 'सबका साथ-सबका विकास' के मंत्र पर काम करती है।'

Dr Mohan Yadav Bihar Rally Platform.

डॉ. मोहन यादव ने बिहार में चुनावी रैली कर कांग्रेस पर हमला बोला

'कांग्रेस नेताओं ने भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए'

डॉ. यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने कभी भगवान राम और सीता माता के अस्तित्व पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, 'माता सीता ने बिहार में जन्म लिया और पीएम मोदी उनके जन्मस्थान को भव्य तीर्थ स्थल के रूप में विकसित कर रहे हैं। कांग्रेसियों ने इस दिशा में कभी नहीं सोचा।'

'विश्वगुरु बनने की ओर अग्रसर भारत'

नाथनगर की सभा में उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में देश व बिहार तेजी से बदल रहे हैं। उन्होंने उज्जैन के महाकाल लोक और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का उदाहरण दिया और कहा कि सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के बल पर भारत फिर से विश्वगुरु बनने की ओर अग्रसर है।

डॉ. यादव ने कहा कि बिहार की भूमि हमेशा ही पूजनीय रही है - यही धरती भगवान बुद्ध, महावीर स्वामी और सूर्य देव के मंदिर की जन्मभूमि रही है। उन्होंने कहा, 'भारत का हर व्यक्ति गर्व से कह सकता है कि वह भगवान राम और श्रीकृष्ण के देश से आया है। हमारी सरकार उन्हीं तीर्थ स्थलों को पुनर्जीवित करने का काम कर रही है।'

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article